Dhanbad Voter List Revision: खालसा स्कूल के मतदान केंद्रों पर पहुंचे DC, BLO को सख्त निर्देश

Dhanbad Voter List Revision: खालसा स्कूल के मतदान केंद्रों पर पहुंचे DC, BLO को सख्त निर्देश

धनबाद। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को त्रुटिरहित और पारदर्शी बनाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बुधवार को बैंक मोड़ स्थित खालसा स्कूल परिसर के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और मौके पर मौजूद बीएलओ को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

मतदान केंद्रों पर BLO के काम की समीक्षा

उपायुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने धनबाद विधानसभा के विभिन्न बूथों पर तैनात बीएलओ से कार्य की स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान बूथ संख्या 210 की बीएलओ गीता देवी, 211 की आशा देवी, 209 की बिंदु देवी, 93 की रेणु देवी, 214 की खुशबू कुमारी, 215 की राज कुमारी शर्मा, 216 की सीमा देवी, 338 की रीता देवी, 339 की जयमन्ती कुमारी और 208 की उत्तरा सिन्हा मौजूद थीं।

दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया पर जोर

उपायुक्त ने नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं के आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि नोटिस प्राप्त मतदाताओं के सहायक दस्तावेज निर्वाचन आयोग के ऐप पर सही प्रारूप में तत्काल और बिना किसी त्रुटि के अपलोड किए जाएं।

उन्होंने आवेदनों और अपलोड किए गए दस्तावेजों की अद्यतन स्थिति की नियमित निगरानी करने को कहा, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

तकनीकी समस्या होने पर तत्काल समन्वय के निर्देश

आदित्य रंजन ने बीएलओ को निर्देश दिया कि तकनीकी या प्रपत्र से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए संबंधित सुपरवाइजर और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के साथ समन्वय बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य है। नाम जोड़ने, विलोपन या संशोधन से जुड़े कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

शत-प्रतिशत त्रुटिरहित मतदाता सूची का लक्ष्य

उपायुक्त ने सभी बीएलओ को पूरी सतर्कता, निष्ठा और सावधानी के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने शत-प्रतिशत त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

निरीक्षण के दौरान धनबाद विधानसभा के ईआरओ सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, एईआरओ सह अंचल अधिकारी पुटकी विकास आनंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *