बरमसिया में चला सघन वाहन जांच अभियान
धनबाद। सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय की टीम ने बरमसिया स्थित एफसीआई गोदाम के पास सघन वाहन जांच अभियान चलाया।
यह कार्रवाई उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देशानुसार की गई। जांच के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े वाहनों और आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई।
16 वाहनों पर लगा 1.26 लाख रुपये का जुर्माना
जांच के दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े पाए गए 4 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं, आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाने वाले 12 वाहनों पर भी कार्रवाई हुई।
इन सभी मामलों में कुल 1 लाख 26 हजार रुपये का चालान काटा गया। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एक वाहन को जब्त कर मनियाडीह ओपी के सुपुर्द कर दिया गया।
अवैध पार्किंग से यातायात बाधित होने की बात
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि सड़क किनारे बेतरतीब और अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों के कारण लगातार यातायात बाधित हो रहा था। इससे दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहती थी।
इसी को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
आगे भी जारी रहेगा विशेष जांच अभियान
जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्य सड़कों पर अवैध पार्किंग आम नागरिकों की जान-माल के लिए बड़ा खतरा है।
उन्होंने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
जांच अभियान में मोटरयान निरीक्षक हरीश कुमार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अमरेश कुमार, आईटी सहायक देवेन्द्र कुमार सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

