चांडिल गोलचक्कर पर दर्दनाक हादसा, पॉलिटेक्निक छात्र की मौत
सरायकेला। चांडिल गोलचक्कर के पास मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज के एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों छात्र गम्हरिया से चांडिल पॉलिटेक्निक कॉलेज जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, गोलचक्कर के पास एक ट्रेलर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना गंभीर था कि एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है।
साथी छात्र समीर दास गंभीर रूप से घायल
हादसे में घायल छात्र की पहचान समीर दास के रूप में हुई है। दोनों छात्रों के गम्हरिया निवासी होने की बात बताई जा रही है।
घायल समीर दास को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी स्थिति गंभीर बताई गई है।
पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को जब्त कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है और मृतक छात्र की पहचान की प्रक्रिया भी जारी है।
खराब सड़क और ट्रैफिक व्यवस्था पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि चांडिल गोलचक्कर और आसपास सड़क की खराब स्थिति के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं।
स्थानीय लोगों ने सड़क पर गड्ढों और अव्यवस्थित ट्रैफिक व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए जल्द सुधार की मांग की है। लोगों ने सड़क की स्थिति को लेकर एनएचएआई की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।

