धनबाद। धनसार थाना क्षेत्र के मनईटांड़ भगत जी मंदिर के समीप मंगलवार रात सड़क हादसे में एक बुजुर्ग साइकिल सवार की मौत हो गई। बताया गया कि डहुआटांडा के कटिहार मार्केट निवासी 70 वर्षीय सुरेश चौरसिया रात करीब 9:45 बजे साइकिल से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान FCI का चावल लोड ट्रक उनकी साइकिल को चपेट में लेते हुए निकल गया।
हादसा इतना गंभीर था कि सुरेश चौरसिया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। हादसे से आक्रोशित भीड़ ने कुछ ट्रकों में तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर दिया।
सूचना मिलने के बाद धनसार थाना सहित आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी और फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में FCI के ट्रकों की आवाजाही को लेकर पहले भी दुर्घटनाओं की समस्या सामने आती रही है। लोगों ने दावा किया कि यह ऐसी तीसरी घटना है, जिसमें FCI ट्रक की चपेट में आने से किसी राहगीर की जान गई है।
मुआवजे और परिजन को सरकारी नौकरी की मांग
हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मुआवजे तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरमसिया FCI गोदाम से मनईटांड़ होते हुए जोड़ाफाटक तक का रास्ता संकरा और भीड़भाड़ वाला है। इसके बावजूद शाम के समय FCI के भारी वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है।
लोगों का आरोप है कि भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर ट्रकों की आवाजाही को लेकर प्रशासन से ठोस व्यवस्था की मांग की।
अंधेरे का फायदा उठाकर चावल की बोरियां चोरी करने का आरोप
हादसे के बाद रात के अंधेरे में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सरकारी चावल की बोरियां चोरी किए जाने की बात भी सामने आई। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रक से बड़ी मात्रा में चावल की बोरियां निकाल ली गईं।
पुलिस ने चावल ले जा रहे कुछ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। सरकारी खाद्यान्न की चोरी से जुड़े पूरे मामले की जांच भी की जा रही है।
सुबह पहुंचे समाजसेवी, राहत की कोशिश जारी
हादसे के बाद सुबह कई समाजसेवी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने और विवाद को शांत कराने के लिए बातचीत का प्रयास किया।
परिजनों को तत्काल अंतिम संस्कार के लिए कुंभनाथ सिंह की ओर से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। स्थानीय लोगों और परिजनों की मांगों को लेकर प्रशासन तथा संबंधित पक्षों के बीच बातचीत जारी है। वहीं, हादसे में शामिल ट्रक और फरार चालक को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।

