लखनऊ: इंडिगो की फ्लाइट 6E 6504 की मंगलवार (15 सितंबर, 2026) शाम लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह विमान अगरतला से दिल्ली जा रहा था। उड़ान के दौरान विमान के कार्गो एरिया में स्मोक वार्निंग का अलर्ट मिला।
अलर्ट के बाद पायलट ने तुरंत इमरजेंसी घोषित की और विमान को एहतियात के तौर पर लखनऊ डायवर्ट कर दिया। पायलट को विमान के कार्गो एरिया में आग लगने का शक हुआ था।
लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी प्रोटोकॉल एक्टिव
विमान के लखनऊ आने की सूचना मिलते ही चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी रिस्पॉन्स प्रोटोकॉल एक्टिव कर दिया गया।
एयरपोर्ट पर फायर एंड रेस्क्यू, एंबुलेंस, मेडिकल, सुरक्षा और टर्मिनल सपोर्ट की टीमें तैनात की गईं, ताकि विमान की सुरक्षित लैंडिंग के साथ यात्रियों और क्रू को तुरंत मदद मिल सके।
विमान में 103 यात्री और 6 क्रू सदस्य थे
इंडिगो की इस फ्लाइट में कुल 103 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे। विमान की शाम 06:31 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
सभी यात्रियों और क्रू को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया। इस दौरान कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
6:39 बजे पता चला- आग नहीं लगी थी
घटना का पूरा क्रम इस तरह रहा:
- शाम 6:29 बजे: पायलट ने इमरजेंसी घोषित की।
- शाम 6:31 बजे: विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा और फुल इमरजेंसी घोषित की गई।
- शाम 6:33 बजे: विमान को बे पर पार्क किया गया।
- शाम 6:35 बजे: सभी यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतार लिया गया।
- शाम 6:39 बजे: जांच में पता चला कि विमान में आग नहीं लगी थी। स्मोक वार्निंग फॉल्स अलार्म थी। इसके बाद इमरजेंसी वापस ले ली गई।
फिलहाल विमान की सुरक्षा जांच जारी है। इंडिगो की टेक्निकल टीम भी मौके पर मौजूद है।

