पाकुड़ में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, बूथ स्तर पर जलेंगे ‘आशीर्वाद का दीप’

पाकुड़ में 17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, बूथ स्तर पर जलेंगे ‘आशीर्वाद का दीप’

पाकुड़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू ने प्रेसवार्ता के दौरान अभियान की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न सेवा और जनकल्याणकारी गतिविधियों के माध्यम से अभियान आयोजित किया जाएगा। पाकुड़ जिले में भी अभियान के तहत कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रेसवार्ता में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीरा प्रवीण सिंह, दुर्गा मरांडी, जिला महामंत्री रूपेश भगत सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीप’ से होगी शुरुआत

भाजपा जिलाध्यक्ष के अनुसार, अभियान की शुरुआत 17 सितंबर की शाम 7 बजे से होगी। पाकुड़ जिले के सभी बूथों पर लाभार्थियों के घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जाएगा।

इसके अलावा सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण प्रमुख स्थानों पर भी दीपोत्सव आयोजित करने की योजना है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

चित्रकला से लेकर संगीतमय नाट्य प्रस्तुति तक होंगे कार्यक्रम

सरिता मुर्मू ने बताया कि अभियान के तहत अलग-अलग विषयों पर कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता होगी।

वहीं, ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ के तहत संगीतमय नाट्य प्रस्तुति आयोजित की जाएगी। ‘गांव-गांव तक, आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सम्मान और मातृ संवाद का आयोजन किया जाएगा।

इसके अलावा ‘सेवा की कहानी’ के तहत सकारात्मक बदलाव की वास्तविक कहानियों को सामने लाने के साथ डिजिटल माध्यम से 10 रील तैयार करने की भी योजना है।

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ और ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’

अभियान के दौरान ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ के माध्यम से विकसित भारत का संकल्प लिया जाएगा। वहीं ‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्रा’ के तहत जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा निकाली जाएगी।

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत जनभागीदारी से सेवा कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही ‘सेवा सेतु’ के माध्यम से ‘सरकार आपके द्वार’ जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

वहीं, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम के तहत आभार और संकल्प की रंगोली बनाई जाएगी। ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के अंतर्गत पांच क्षेत्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित करने की जानकारी भी दी गई।

कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक जनभागीदारी का आह्वान

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित, जनसेवा तथा गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों के कल्याण को प्राथमिकता दी है। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने पाकुड़ जिले के सभी भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सफल बनाने और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *