चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय की यूके यात्रा को लेकर डीएमके ने उन पर निशाना साधा है। डीएमके ने विजय के दौरे के मकसद पर सवाल उठाते हुए कहा कि वह निवेश लाने के लिए यूके गए थे या अपने दोस्त और अभिनेता अजीत कुमार की कार रेस देखने।
विजय यूके के आधिकारिक दौरे पर गए थे। बताया गया कि इस यात्रा का उद्देश्य तमिलनाडु में विदेशी निवेश लाना और चेन्नई के पास प्रस्तावित मोटर स्पोर्ट्स सिटी के लिए स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का अध्ययन करना था।
इसी दौरान शनिवार को विजय ने मिशेलिन ले मैन्स कप रेस की शुरुआत के लिए औपचारिक हरी झंडी दिखाई। इस रेस में अजीत कुमार अपनी टीम के साथ हिस्सा ले रहे थे।
डीएमके ने साधा निशाना
डीएमके प्रवक्ता टीकेए एलंगोवन ने विजय के निवेश से जुड़े एजेंडे पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विजय लंदन से निवेश लाने की बात कर रहे थे, लेकिन लोगों ने उन्हें अपने दोस्त अजीत कुमार की कार रेस में देखा।
डीएमके विधायक मार्कडेयन ने भी मुख्यमंत्री की यूके यात्रा की आलोचना की। उन्होंने तमिलनाडु के किसानों और मछुआरों से जुड़े मुद्दों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि ऐसे समय में राज्य के लिए निवेश कितना जरूरी है।
टीवीके ने किया विजय का बचाव
वहीं, टीवीके ने मुख्यमंत्री विजय का बचाव किया है। पार्टी प्रवक्ता वी. नारायण ने कहा कि आधिकारिक दौरे के दौरान किसी दोस्त से मिलना गलत नहीं है।
उन्होंने कहा कि अजीत कुमार तमिलनाडु के बड़े स्टार हैं और अंतरराष्ट्रीय रेसिंग में भी उनकी पहचान है। टीवीके के मुताबिक, विजय की वहां मौजूदगी से ‘ब्रांड तमिलनाडु’ को बढ़ावा मिल सकता है।
मुलाकात का वीडियो हुआ वायरल
विवाद उस समय बढ़ा जब विजय को रेस से पहले अजीत कुमार से मिलते देखा गया। वायरल वीडियो में विजय दौड़कर अजीत के पास जाते हैं और उन्हें गले लगाते हैं। वहीं, अजीत ने भी कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री विजय का स्वागत किया।
दोनों की इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद डीएमके ने विजय की यूके यात्रा को लेकर सवाल उठाए।

