नई दिल्ली: भारत ने रविवार (13 सितंबर 2026) को ओमान के तट के पास कमर्शियल जहाज MT El Gaia पर हुए हमले की निंदा की है। इस जहाज पर 14 भारतीय क्रू मेंबर सवार थे। इनमें से 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अभी लापता है। उसकी तलाश के लिए खोज और बचाव अभियान जारी है।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि ओमान में भारतीय दूतावास पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। दूतावास ओमान के अधिकारियों के साथ मिलकर लापता भारतीय की तलाश में मदद कर रहा है। भारत ने भारतीय नागरिकों को बचाने में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद भी किया है।
तनाव कम करने की भारत की अपील
विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में तनाव को जल्द से जल्द कम किया जाना चाहिए। भारत ने एक बार फिर सभी पक्षों से बातचीत और कूटनीति के जरिए शांति का रास्ता अपनाने की अपील की है।
मंत्रालय ने कहा कि कमर्शियल जहाजों, नाविकों, आम नागरिकों और नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाना स्वीकार नहीं किया जा सकता। भारत ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में सुरक्षित आवाजाही और व्यापार को जल्द बहाल करने की भी अपील की है।
ब्रिक्स समिट में भी उठा था नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा
भारत का यह बयान ऐसे समय आया है जब ब्रिक्स समिट में भी समुद्री सुरक्षा और नाविकों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया। ब्रिक्स बिजनेस फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वैश्विक व्यापार तभी आगे बढ़ सकता है, जब समुद्री रास्ते सुरक्षित हों, सप्लाई रूट खुले रहें और नाविक सुरक्षित रहें।
पीएम मोदी ने कहा कि भारत फ्रीडम ऑफ नेविगेशन और नाविकों की सुरक्षा का मजबूती से समर्थन करता है।
मिडिल ईस्ट तनाव से व्यापार पर असर
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और तनाव का असर समुद्री रास्तों से होने वाले ऊर्जा और दूसरे सामानों के व्यापार पर पड़ रहा है। इससे सप्लाई चेन प्रभावित हो रही है और कीमतों में भी बढ़ोतरी हो रही है।
अमेरिका-ईरान संघर्ष के दौरान भारतीय जहाजों पर हमले और भारतीय नाविकों के अपहरण जैसी घटनाएं भी सामने आई हैं। पीएम मोदी ने ब्रिक्स व्यापार परिषद से व्यापार की 10 बड़ी बाधाओं को दूर करने के लिए रिपोर्ट तैयार करने और हर साल 100 ब्रिक्स स्टार्टअप को आगे बढ़ाने में मदद करने की अपील की। उन्होंने परिषद से 1,000 नई साझेदारियां विकसित करने का भी आग्रह किया।

