गणेशोत्सव में भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाने की परंपरा है। इस बार अगर आप बप्पा के लिए कुछ अलग और खास बनाना चाहते हैं, तो मोतीचूर मोदक ट्राई कर सकते हैं। मोतीचूर के लड्डू का स्वाद और मोदक का खूबसूरत आकार इस मिठाई को खास बना देता है।
बेसन की बारीक बूंदी, इलायची की खुशबू और चांदी के वर्क से सजाया गया मोतीचूर मोदक देखने में भी बेहद सुंदर लगता है। इसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
1. बेसन का घोल तैयार करें
सबसे पहले एक बर्तन में बेसन को अच्छी तरह छान लें। इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालकर पतला और बिना गुठली वाला घोल तैयार करें। घोल इतना पतला होना चाहिए कि वह झारे से आसानी से गिर सके।
अब इसमें थोड़ा सा ऑरेंज या केसरी फूड कलर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
2. बारीक बूंदी तैयार करें
कड़ाही में घी या तेल गर्म करें। अब बारीक छेद वाला झारा या बूंदी बनाने वाला उपकरण लें।
झारे पर बेसन का घोल डालें, जिससे छोटी-छोटी बूंदी तेल में गिरने लगेगी। बूंदी को धीमी से मध्यम आंच पर कुछ सेकंड तक तलें। ध्यान रखें कि बूंदी ज्यादा कुरकुरी न हो जाए। तैयार बूंदी को छलनी से निकाल लें।
3. इलायची वाली चाशनी बनाएं
अब एक अलग पैन में पानी और चीनी डालकर गर्म करें। चीनी पूरी तरह घुलने के बाद इसमें इलायची पाउडर डालें।
चाशनी को तब तक पकाएं जब तक वह थोड़ी चिपचिपी न हो जाए।
4. बूंदी को चाशनी में मिलाएं
अब तैयार बूंदी को गर्म चाशनी में डालकर अच्छी तरह मिला लें। गैस बंद कर दें या आंच बिल्कुल धीमी कर दें।
पैन को ढककर करीब 15 से 20 मिनट के लिए छोड़ दें। इस दौरान बूंदी चाशनी को अच्छी तरह सोख लेगी और नरम हो जाएगी।
5. बूंदी को पीसकर मोदक का आकार दें
जब बूंदी थोड़ी ठंडी हो जाए, तो इसे मिक्सी में डालकर हल्का सा पीस लें। ध्यान रखें कि इसे बिल्कुल बारीक पेस्ट न बनाएं। मिश्रण ऐसा होना चाहिए कि आसानी से बंध सके।
अब मोदक का सांचा लें और उसमें मिश्रण को अच्छी तरह दबाकर भरें। सांचे को खोलते ही सुंदर मोतीचूर मोदक तैयार हो जाएगा।
6. चांदी के वर्क से करें सजावट
सभी मोदक को एक प्लेट में रखें। इन्हें और आकर्षक बनाने के लिए ऊपर से चांदी का वर्क लगा सकते हैं।
इस तरह स्वादिष्ट और खूबसूरत मोतीचूर मोदक तैयार हो जाएंगे। इन्हें गणपति बप्पा के भोग में चढ़ाने के साथ-साथ परिवार और मेहमानों को भी परोसा जा सकता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। NEWSANP इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।

