कोथंबीर वडी रेसिपी: भारतीय खाने में हरे धनिया का इस्तेमाल स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए खूब किया जाता है। महाराष्ट्र की मशहूर कोथंबीर वडी भी हरे धनिया से बनने वाला एक स्वादिष्ट और कुरकुरा स्नैक है। ‘कोथंबीर’ का मराठी में मतलब हरा धनिया होता है।
यह स्नैक बनाने में आसान है। इसमें हरा धनिया, बेसन, तिल और मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। पहले इसके मिश्रण को भाप में पकाया जाता है और फिर फ्राई करके इसे कुरकुरा बनाया जाता है।
कोथंबीर वडी बनाने के लिए सामग्री
- ढेर सारा ताजा हरा धनिया
- बेसन
- थोड़ा चावल का आटा
- तिल
- अदरक
- लहसुन
- हरी मिर्च
- हल्दी
- लाल मिर्च पाउडर
- हींग
- नमक
- तेल
सबसे पहले धनिया तैयार करें
सबसे पहले हरे धनिया को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। ध्यान रखें कि धनिया में ज्यादा पानी न रहे। इसके बाद इसे बारीक-बारीक काट लें और एक बड़े बाउल में रख दें।
अब मिक्सर में अदरक, लहसुन, हरी मिर्च और नमक डालकर बिना पानी के दरदरा पीस लें। इस पेस्ट को कटे हुए धनिया में मिला दें।
बेसन और मसाले मिलाएं
अब धनिया के मिश्रण में हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, हींग और तिल डालें। इसके बाद इसमें जरूरत के हिसाब से बेसन और थोड़ा चावल का आटा डालें।
सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर सख्त आटा तैयार करें। इसमें अलग से पानी डालने की जरूरत नहीं है। धनिया में मौजूद नमी से ही मिश्रण तैयार हो जाएगा।
मिश्रण को दें रोल का आकार
तैयार मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा लेकर हाथों से लंबा बेलनाकार रोल बना लें। इसी तरह पूरे मिश्रण के 2-3 रोल तैयार कर लें।
15-20 मिनट भाप में पकाएं
अब एक बर्तन में पानी गर्म करें और उसके ऊपर स्टीमर प्लेट रखें। प्लेट पर थोड़ा तेल लगाकर धनिया-बेसन के रोल रख दें।
बर्तन को ढककर 15 से 20 मिनट तक भाप में पकाएं। चाकू डालने पर अगर वह आसानी से बाहर आ जाए, तो समझें कि रोल अच्छी तरह पक चुके हैं।
रोल को बाहर निकालकर पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद इन्हें गोल-गोल स्लाइस में काट लें।
अब वडी को करें क्रिस्पी
एक पैन में तेल गर्म करें और कोथंबीर वडी की स्लाइस डालकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक फ्राई करें।
फ्राई होने के बाद ऊपर से थोड़ा लाल मिर्च पाउडर या चाट मसाला डाल सकते हैं।
गरमा-गरम क्रिस्पी कोथंबीर वडी तैयार है। इसे हरी चटनी या इमली की खट्टी-मीठी चटनी के साथ सर्व करें।
एक बार इस स्वादिष्ट महाराष्ट्रियन स्नैक को जरूर ट्राई करें, इसका कुरकुरा स्वाद आपको पकोड़े तक भुला सकता है।
डिस्क्लेमर: इस लेख में किए गए दावे इंस्टाग्राम वीडियो और इंटरनेट पर मिली जानकारी पर आधारित हैं। NEWSANP इसकी सत्यता और सटीकता जिम्मेदारी नहीं लेता है।

