पूर्व मध्य रेल के GM डिम्पी गर्ग ने जहानाबाद, गया और बरवाडीह स्टेशनों का किया निरीक्षण

पूर्व मध्य रेल के GM डिम्पी गर्ग ने जहानाबाद, गया और बरवाडीह स्टेशनों का किया निरीक्षण

हाजीपुर। पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने 11 सितंबर 2026 को दानापुर, पंडित दीन दयाल उपाध्याय और धनबाद मंडल के विभिन्न स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, संरक्षा, स्टेशन पुनर्विकास और रेल परिचालन से जुड़े कार्यों की स्थिति का जायजा लिया।

महाप्रबंधक ने स्टेशन पुनर्विकास परियोजनाओं में उच्च गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

जहानाबाद स्टेशन पर पुनर्विकास कार्यों की समीक्षा

निरीक्षण की शुरुआत जहानाबाद स्टेशन से हुई। यहां महाप्रबंधक ने यात्री सुविधाओं और संरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे स्टेशन पुनर्विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

महाप्रबंधक ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ यात्रियों के लिए बेहतर और उन्नत सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गया जंक्शन पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा की जांच

इसके बाद डिम्पी गर्ग गया स्टेशन पहुंचे। उन्होंने प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, नवनिर्मित भवन और यात्रियों से जुड़ी अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।

गया स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखते हुए परियोजना को निर्धारित समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

महाप्रबंधक ने गया जंक्शन से सोन नगर स्टेशन होते हुए गढ़वा रोड तक विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से रेलखंड का भी निरीक्षण किया। इस दौरान रेल पटरियों की संरक्षा, अनुरक्षण और रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की स्थिति देखी गई।

अंकोरहा और डाल्टनगंज में सांसदों से की चर्चा

निरीक्षण के दौरान अंकोरहा स्टेशन पर काराकाट के सांसद राजा राम सिंह से महाप्रबंधक ने मुलाकात की। दोनों के बीच संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। महाप्रबंधक ने सांसद से सुझाव और मार्गदर्शन भी प्राप्त किया।

वहीं, डाल्टनगंज स्टेशन पर पलामू सांसद विष्णु दयाल राम के साथ भी रेल सुविधाओं से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई।

अंकोरहा स्टेशन पर महाप्रबंधक ने एनटीपीसी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थानीय विद्युत संयंत्र से संबंधित रेल संपर्क और कोयला आपूर्ति से जुड़े विषयों पर भी बातचीत की।

बरवाडीह स्टेशन पर रेल परिचालन और सुरक्षा का जायजा

धनबाद मंडल के बरवाडीह स्टेशन पर भी महाप्रबंधक ने रेल परिचालन व्यवस्था, सुरक्षा और संरक्षा से जुड़े पहलुओं का निरीक्षण किया।

रेलवे के अनुसार, स्टेशन पुनर्विकास योजना के तहत स्टेशनों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत यात्री सुविधाओं का विस्तार, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर प्लेटफॉर्म, सुगम आवागमन, स्वच्छता और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।

तीनों मंडलों के DRM रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार, पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना और धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र अपने-अपने क्षेत्राधिकार में मौजूद रहे।

पूर्व मध्य रेल की ओर से बताया गया कि महाप्रबंधक का निरीक्षण आगे भी जारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *