धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बुधवार को शहरी क्षेत्र में विभिन्न विभागों और कार्यदायी संस्थाओं की ओर से संचालित निर्माणाधीन विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित पदाधिकारियों एवं संवेदकों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उप विकास आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं में निर्धारित समय-सीमा के साथ निर्माण की गुणवत्ता का भी विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने तय अवधि में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
SNMMCH के मुख्य द्वार और सड़क का लिया जायजा

उप विकास आयुक्त ने शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) परिसर में मुख्य द्वार और सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाने को कहा।
उन्होंने मुख्य द्वार और सड़क का निर्माण कार्य 25 सितंबर तक अनिवार्य रूप से पूरा कर प्रबंधन को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही निर्माणाधीन कैथ लैब भवन का भी संयुक्त निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में डीएमएफटी पीएमयू, भवन निर्माण विभाग और विद्युत प्रमंडल के अभियंता शामिल रहे। डीडीसी ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ जल्द मिल सके।
आंगनवाड़ी केंद्रों में बाउंड्री और सुविधाओं पर जोर
तेली क्षेत्र स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों के निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने सुरक्षा और बेहतर बुनियादी ढांचे पर जोर दिया। उन्होंने जिले के सभी निर्माणाधीन आंगनवाड़ी केंद्रों में बाउंड्री निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
मध्य विद्यालय दुर्गा मंदिर परिसर में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र के लिए नए भवन के निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया। साथ ही बालक-बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय निर्माण और पहले से चल रहे कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश भवन निर्माण विभाग के अभियंताओं को दिया गया।
पॉलिटेकनिक में स्किल डेवलपमेंट सेंटर की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान पॉलिटेकनिक में वेंचर्स की ओर से संचालित स्किल डेवलपमेंट सेंटर के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने कार्यदायी एजेंसी को निर्धारित मानकों के अनुसार निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
समय पर काम पूरा नहीं होने पर नहीं बरती जाएगी शिथिलता
उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का उद्देश्य आम जनता तक आवश्यक सुविधाएं जल्द पहुंचाना है। इसलिए निर्माण कार्यों में गति के साथ गुणवत्ता और समय-सीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

