नई दिल्ली। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने 4 सितंबर को देश के युद्ध के बाद के इतिहास में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड बनाया। इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर मेलोनी को बधाई दी।
पीएम मोदी की बधाई पर जॉर्जिया मेलोनी ने भी जवाब दिया और भारत-इटली के बीच मजबूत होते संबंधों को लेकर अपनी बात रखी।
मेलोनी ने पीएम मोदी को दिया धन्यवाद
जॉर्जिया मेलोनी ने पीएम मोदी के बधाई संदेश के जवाब में उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि बधाई संदेश और दोस्ती के लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आभारी हैं।
मेलोनी ने भारत और इटली के बीच संबंधों को लेकर कहा कि दोनों देशों के रिश्ते पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हैं। उन्होंने दोनों देशों के बीच बनी विशेष रणनीतिक साझेदारी को इस संबंध की अहमियत का प्रतीक बताया।
भारत-इटली रणनीतिक साझेदारी का किया जिक्र
मेलोनी ने अपनी पिछली मुलाकात का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान शुरू की गई विशेष रणनीतिक साझेदारी भारत और इटली के रिश्तों के महत्व को दर्शाती है।
उन्होंने भरोसा जताया कि भारत और इटली मिलकर दोनों महाद्वीपों के बीच संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में काम करते रहेंगे।
IMEC को विकसित करने पर भी जताया भरोसा
इटली की प्रधानमंत्री ने भारत और इटली के बीच सहयोग के एक महत्वपूर्ण क्षेत्र के रूप में इंडिया-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर (IMEC) का भी उल्लेख किया।
मेलोनी ने कहा कि दोनों देश मिलकर इस आर्थिक गलियारे को विकसित करने के लिए भी काम करेंगे। उनके बयान से भारत और इटली के बीच आर्थिक एवं रणनीतिक सहयोग को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता सामने आती है।
पीएम मोदी की बधाई और मेलोनी के जवाब के बाद दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत मैत्री के साथ-साथ भारत-इटली संबंधों को लेकर भी चर्चा तेज हुई है।

