बडगाम में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, एक आतंकी ढेर; इलाके में 2-3 आतंकियों के छिपे होने की खबर

बडगाम में सुरक्षाबलों का बड़ा ऑपरेशन, एक आतंकी ढेर; इलाके में 2-3 आतंकियों के छिपे होने की खबर

जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई है। अशदार गली इलाके में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन में सुरक्षाबलों ने एक आतंकवादी को मार गिराया है। इलाके में अभी भी 1 से 2 अन्य आतंकियों के छिपे होने की आशंका है, जिसके चलते सर्च ऑपरेशन जारी है।

यह ऑपरेशन भारतीय सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू किया था। सुरक्षाबलों को इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। इसके बाद जवानों ने ऊंचे पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।

चुनौती देने पर आतंकियों ने की फायरिंग

तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जवानों ने जब संदिग्धों को चुनौती दी तो आतंकियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई और मुठभेड़ तेज हो गई।

कई घंटे तक रुक-रुककर गोलीबारी होती रही। सुरक्षा बलों ने इलाके में अतिरिक्त जवान भी तैनात किए, ताकि आतंकियों के भागने के सभी रास्ते बंद किए जा सकें। आखिरकार सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया।

आतंकी के पास से AK-47 बरामद

मारे गए आतंकी के पास से AK-47 राइफल और अन्य युद्ध सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन अभी जारी है और बाकी छिपे हुए आतंकियों की तलाश की जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में घेराबंदी वाले इलाके में दो से तीन सक्रिय आतंकियों के मौजूद होने की बात सामने आई थी। हालांकि, घने जंगल, ऊंचे पहाड़, खराब मौसम और मुश्किल रास्तों के कारण ऑपरेशन में चुनौतियां आ रही हैं।

पर्यटकों के लिए प्रशासन की एडवाइजरी

ऑपरेशन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अगले आदेश तक पर्यटकों को दूधपथरी और यूसमर्ग जैसे पर्यटन स्थलों पर जाने से मना किया गया है।

सुरक्षाबल पूरे इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं और किसी भी अन्य आतंकी की मौजूदगी की जांच की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *