कोलकाता के 9 कैमक स्ट्रीट स्थित उस इमारत को फायर विभाग ने नोटिस जारी किया है, जहां टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी का ऑफिस है। फायर विभाग ने इमारत के बेसमेंट, छठी और सातवीं मंजिल को खाली करने का आदेश दिया है।
फायर विभाग की जांच में इमारत में आग से बचाव के इंतजामों में कई गंभीर कमियां मिली हैं। अधिकारियों के मुताबिक, खासकर बेसमेंट में आग से सुरक्षा के जरूरी इंतजाम नहीं पाए गए।
48 घंटे में मांगा गया था जवाब
फायर विभाग ने पहले इमारत के मालिक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसमें सुरक्षा से जुड़ी कमियों को दूर करने और जवाब देने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था। समय सीमा खत्म होने के बाद विभाग ने बेसमेंट और छठी-सातवीं मंजिल को खाली करने का नोटिस जारी कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि जब तक इमारत में मौजूद कमियों को ठीक नहीं किया जाता और नया वैध फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट नहीं मिल जाता, तब तक इन हिस्सों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
10 अगस्त को खत्म हो चुका था सर्टिफिकेट
अधिकारियों के अनुसार, इस इमारत का फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट 10 अगस्त को ही खत्म हो गया था। इसके बाद इसे रिन्यू नहीं कराया गया।
सोमवार को पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त टीम ने इमारत की सभी मंजिलों की जांच भी की थी। जांच के दौरान सातवीं मंजिल पर आग बुझाने के पर्याप्त इंतजाम नहीं मिले।
इसके अलावा, इमरजेंसी में बाहर निकलने के लिए उचित रास्ते की कमी और फायर अलार्म सिस्टम में गड़बड़ी जैसी समस्याएं भी सामने आईं।
पहले भी विवादों में रही है इमारत
इस इमारत को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। अधिकारियों ने यहां लगा टीएमसी का एक कथित अवैध होर्डिंग हटाया था। इस दौरान अभिषेक बनर्जी के निजी सुरक्षा गार्ड, समर्थकों और पार्टी नेताओं की पुलिस तथा कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों से झड़प हुई थी।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले अभिषेक बनर्जी के ऑफिस में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। टीएमसी ने इस घटना के लिए बीजेपी से जुड़े लोगों को जिम्मेदार ठहराया था।

