धनबाद, सिंदरी। सिंदरी में FCIL प्रबंधन की आवास नीति के विरोध में सिंदरी बचाओ सामूहिक मोर्चा ने गुरुवार शाम शव यात्रा निकालकर पुतला दहन किया। मनोहरटांड, डोमगढ़ और SL-2 क्षेत्र को उजाड़े जाने के विरोध में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
सामूहिक मोर्चा के संयोजक रविन्द्र प्रसाद सिंह के नेतृत्व में शाम करीब छह बजे रोडाबांध स्थित अंबेडकर चौक पर पुतला दहन किया गया। इससे पहले मनोहरटांड से FCIL प्रबंधन के पुतले की शव यात्रा निकाली गई। प्रदर्शनकारी पैदल मार्च करते हुए अंबेडकर चौक पहुंचे, जहां मंत्रोच्चार के बीच पुतला दहन किया गया।
मनोहरटांड से अंबेडकर चौक तक निकली शव यात्रा
आयोजकों के अनुसार, FCIL प्रबंधन के आवास नीति और क्वार्टर तोड़ने से संबंधित टेंडर के विरोध में शव यात्रा निकाली गई। प्रदर्शन में मनोहरटांड, डोमगढ़ और SL-2 के अलावा सिंदरी के अन्य क्षेत्रों के लोग भी शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ‘प्रबंधन होश में आओ’, ‘मनोहरटांड, डोमगढ़, SL-2 नहीं टूटेगा’ और ‘प्रबंधन का दलाल ठेकेदार होश में आओ’ जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे FCIL प्रबंधन के आवास संबंधी आदेश का विरोध जारी रखेंगे। वक्ताओं ने कहा कि वे किसी का घर टूटने नहीं देंगे और सिंदरी को उजड़ने नहीं देंगे।
कफन पहनकर और हाथ में दाह-अग्नि लेकर पहुंचे लोग
पुतला दहन कार्यक्रम में विरोध का अलग स्वरूप भी देखने को मिला। आयोजकों के अनुसार, कुछ लोग कफन पहनकर और सिर मुंडवाकर शव यात्रा में शामिल हुए। हाथ में दाह-अग्नि लेकर प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक रूप से FCIL प्रबंधन की शव यात्रा निकाली।
सतीश मिश्रा शव यात्रा के दौरान दाह-अग्नि लेकर चले और पुतले को मुखाग्नि भी दी। इसके बाद अंबेडकर चौक पर पुतला दहन किया गया।
धर्मजीत सिंह ने कहा- आंदोलन को प्रदेश से केंद्र तक पहुंचाया गया
पुतला दहन के बाद भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धर्मजीत सिंह ने कहा कि सामूहिक मोर्चा की लड़ाई को प्रदेश से लेकर केंद्र तक पहुंचाया गया है। उन्होंने मनोहरटांड, SL-2 और डोमगढ़ के लोगों से निश्चिंत रहने की अपील करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों के लोगों को पहले लीज दिया जाना चाहिए, उसके बाद ही अन्य विषयों पर बात होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सामूहिक मोर्चा की ओर से आवास और स्थानीय लोगों से जुड़े मुद्दे को लेकर विरोध जारी रहेगा।
बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल
शव यात्रा और पुतला दहन कार्यक्रम में सिंदरी बचाओ सामूहिक मोर्चा के संयोजक रविन्द्र प्रसाद सिंह के अलावा भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य धर्मजीत सिंह, मनोज मिश्र, अरबिंद खत्री, अरुण सिंह, प्रकाश श्रीवास्तव, करीमन पाण्डेय, शशि सिंह, आमोद सिंह, पवन शर्मा, सुरेश चौधरी, रंजना शर्मा, अनामिका तिवारी, गंगा सिंह, अनीमा सिंह, नीतीश सिन्हा, नीरज लाल, अरमान अंसारी, इम्मान हुसैन, राजकिशोर, डेविड और सुनील सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में मनोहरटांड, SL-2, डोमगढ़ समेत सिंदरी के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पहुंचे थे।
रिपोर्ट: NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा।

