झरिया मास्टर प्लान की समीक्षा, प्रभावित परिवारों की शिफ्टिंग और बिजली सबस्टेशन निर्माण में तेजी का निर्देश

झरिया मास्टर प्लान की समीक्षा, प्रभावित परिवारों की शिफ्टिंग और बिजली सबस्टेशन निर्माण में तेजी का निर्देश

धनबाद। प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने मंगलवार को धनबाद समाहरणालय सभागार में संशोधित झरिया मास्टर प्लान सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, बेलगड़िया टाउनशिप के विकास, बुनियादी सुविधाओं और रोजगार सृजन से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जल्द शिफ्ट करने और बिजली सबस्टेशन के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। बैठक में झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकार, बीसीसीएल, जिला प्रशासन और अन्य विभागों की ओर से योजनाओं की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई।

3,737 आवासों के नवीनीकरण की योजना

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बैठक में बताया कि बेलगड़िया टाउनशिप के फेज-1, 2 और 3 में अधिग्रहित 3,737 आवासों के संपूर्ण नवीनीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए टेंडर खोला जा चुका है।

योजना के तहत आवासों में रूफ वाटरप्रूफिंग, फ्लोर और बाथरूम टाइल्स, पुट्टी-वेदर कोट पेंटिंग तथा पीवीसी पानी की टंकी लगाने का कार्य किया जाएगा। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आईआईटी (आईएसएम) के साथ विशेष एमओयू के तहत गुणवत्ता प्रमाणन की व्यवस्था की गई है।

उपायुक्त ने बताया कि विस्थापित परिवारों को 99 वर्ष का लीज अधिकार देने की योजना है। साथ ही बीसीसीएल बोर्ड की ओर से स्टाम्प ड्यूटी एवं निबंधन शुल्क माफ अथवा वहन करने का निर्णय लिया गया है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुविधाओं का होगा विस्तार

बेलगड़िया टाउनशिप में शिक्षा सुविधाओं के विस्तार के लिए प्राथमिक विद्यालय का उन्नयन पूरा किया जा चुका है। डीएमएफटी मद से जी+2 मिडिल स्कूल और आमटाल हाई स्कूल का निर्माण कार्य जारी है।

आरएसपी कॉलेज के नए भवन और मल्टीपर्पज हॉल के विस्तार के लिए भी टेंडर जारी किया जा चुका है।

स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के लिए हेल्थ सब-सेंटर को एल-1 श्रेणी में अपग्रेड किया गया है। एनक्यूएएस मानकों को लागू करने के साथ 24 घंटे एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध कराने और 20 बेड वाले नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर काम जारी है।

टाउनशिप की सुरक्षा के लिए बेलगड़िया में पुलिस पोस्ट कार्यरत है, जबकि पूर्ण थाना स्थापित करने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा सीसीटीवी नेटवर्क और कंट्रोल रूम की स्थापना की भी योजना है।

सड़क, पानी और बिजली व्यवस्था को किया जाएगा मजबूत

बैठक में बेलगड़िया की कनेक्टिविटी, जलापूर्ति और बिजली व्यवस्था को मजबूत करने की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। बारमसिया-कुसमाटांड़ मुख्य मार्ग और पलानी मोड़ सड़क के निर्माण के लिए टेंडर जारी किया जा चुका है।

एनएचएआई की ओर से चार लेन झरिया रिंग रोड की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार की जा रही है। वहीं, दामोदर नदी से स्थायी जलापूर्ति योजना पर काम चल रहा है।

बेलगड़िया में 33 केवी सबस्टेशन और व्यक्तिगत स्मार्ट मीटरिंग व्यवस्था विकसित की जा रही है। टाउनशिप में 500 से अधिक सोलर स्ट्रीट लाइट स्थापित की जा चुकी हैं। साथ ही बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया गया है।

प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने बिजली सबस्टेशन के निर्माण कार्य को तीव्र गति से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने टाउनशिप के एप्रोच रोड और कॉलोनी की अंदरूनी सड़कों को भी दुरुस्त करने को कहा।

टेक्सटाइल उद्योग से 600 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार की उम्मीद

उपायुक्त ने बैठक में रोजगार सृजन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी। बेलगड़िया क्षेत्र में टेक्सटाइल उद्योग स्थापित करने की दिशा में हिंडाल्को (आदित्य बिड़ला ग्रुप) और राजधानी टेक्सटाइल्स के साथ त्रिपक्षीय एमओयू किया गया है।

प्रशासन के अनुसार, इस परियोजना से 600 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। आदित्य बिड़ला ग्रुप के लिए वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर का निर्माण भी जारी है।

इसके अलावा एसीआईसी आईआईटी (आईएसएम) की ओर से युवाओं को एआई, डेटा साइंस और कोडिंग का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है। टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से प्लेसमेंट ड्राइव और खेल केंद्र का भी संचालन किया जा रहा है।

आरएसपी कॉलेज और करमाटांड़ में बैंक, एसएससी और रेलवे परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रति वर्ष 200 विद्यार्थियों को निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की शुरुआत की गई है।

स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने का निर्देश

प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने बेलगड़िया में संचालित विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं में स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उन्होंने एक विशेष टीम बनाकर लोगों को आय के स्रोत विकसित करने और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का सुझाव दिया। साथ ही डेयरी उद्योग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।

महिला सशक्तिकरण के तहत 800 से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की जानकारी बैठक में दी गई। महिलाओं को बांस-जूट हस्तशिल्प, मशरूम उत्पादन, मत्स्य पालन और डेयरी-पोल्ट्री जैसी गतिविधियों से जोड़ने की पहल की जा रही है।

असुरक्षित क्षेत्रों के परिवारों को जल्द किया जाएगा शिफ्ट

तरुण कपूर ने कहा कि केंद्र सरकार और कोल इंडिया की प्राथमिकता असुरक्षित और अग्नि प्रभावित क्षेत्रों में रह रहे परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पुनर्वासित करना है।

उन्होंने प्रभावित परिवारों की बेलगड़िया शिफ्टिंग की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पुनर्वास कॉलोनियों को केवल आवासीय क्षेत्र तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि उन्हें सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक नागरिक सुविधाओं से युक्त आदर्श कॉलोनियों के रूप में विकसित किया जाएगा।

बैठक में रेलवे, एनएचएआई, बिजली विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर, उपायुक्त आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन बी. साईराम, कोयला मंत्रालय के सलाहकार आलोक कुमार सिंह, कपड़ा मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी अलकनंदा दयाल, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल तथा पूर्व मध्य रेलवे के डीआरएम अखिलेश मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *