नॉर्थ साइप्रस के पास 270 यात्रियों से भरी फेरी पलटी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

नॉर्थ साइप्रस के पास 270 यात्रियों से भरी फेरी पलटी, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

नॉर्थ साइप्रस: नॉर्थ साइप्रस के तट से रवाना होने के कुछ देर बाद रविवार दोपहर एक यात्री फेरी पलट गई. फेरी में करीब 270 लोग सवार थे. हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू किया गया.

फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि हादसे में किसी की मौत हुई है या नहीं. हालांकि, बचाव दल लगातार यात्रियों को सुरक्षित निकालने में जुटे हुए हैं.

कायरिनिया से तुर्की जा रही थी फेरी

रिपोर्ट के मुताबिक, कैटामरन शैली की यह फेरी नॉर्थ साइप्रस के कायरिनिया बंदरगाह से तुर्की के मेर्सिन प्रांत स्थित तासुकु बंदरगाह जा रही थी.

स्थानीय मीडिया के अनुसार, तट से करीब चार मील दूर फेरी में अचानक पानी भरने लगा. इसके बाद फेरी पलट गई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एंबुलेंस और बचाव दल भेजे गए.

100 से ज्यादा लोगों को बचाया गया

नॉर्थ साइप्रस के परिवहन मंत्री एरहान अरिकली ने बताया कि फेरी पलट गई थी और बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए थे.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 100 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित बचाकर कायरिनिया लाया गया है. बचाव अभियान अभी भी जारी है.

मंत्री ने कहा कि फिलहाल यह पता नहीं चल पाया है कि फेरी में पानी किस वजह से भरा. कायरिनिया और तासुकु के बीच नियमित रूप से कई कंपनियों की फेरी चलती हैं, लेकिन अभी यह जानकारी सामने नहीं आई है कि हादसे का शिकार हुई फेरी किस कंपनी की थी.

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पलटी हुई फेरी के आसपास कुछ लोगों को लाइफ जैकेट पहनकर पानी में तैरते हुए देखा गया.

ट्यूनीशिया में भी नाव पलटने से 2 की मौत

इसी बीच ट्यूनीशिया के दक्षिणी तट पर भी प्रवासियों को ले जा रही एक नाव पलट गई. ट्यूनीशिया के नेशनल गार्ड के मुताबिक, हादसे में कम से कम दो लोगों की मौत हुई है, जबकि 12 लोग अब भी लापता हैं.

अधिकारियों ने दो शव बरामद किए हैं, जिन्हें जेरबा द्वीप के अस्पताल भेजा गया. एक व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया गया. बताया गया कि नाव पर करीब 15 लोग सवार थे और वह जारजिस तथा बेन गुएड्रेन शहरों के बीच से रवाना हुई थी. दोनों घटनाओं में राहत और बचाव अभियान जारी है.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *