मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में दावा-आपत्ति को लेकर धनबाद जिला कांग्रेस का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में दावा-आपत्ति को लेकर धनबाद जिला कांग्रेस का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आज दिनांक 30 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे हाउसिंग कॉलोनी स्थित जिला कांग्रेस मुख्यालय भवन में मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावा एवं आपत्ति से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्री अवध नारायण प्रसाद ने की।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से मुख्य प्रशिक्षक डॉ. संतोष कुमार राय के साथ उदय प्रकाश, शाहिदा कमर एवं मनोज यादव प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहे। प्रशिक्षकों ने जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों, प्रखंड एवं नगर अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों, पंचायत अध्यक्षों तथा उपस्थित कांग्रेसजनों को मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।


प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत मतदान केंद्रों पर प्रकाशित होने वाली विभिन्न सूचियों का कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गंभीरता से अवलोकन करना है। यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है, नाम, पता अथवा अन्य विवरण में किसी प्रकार की त्रुटि है अथवा किसी मतदाता को सूची से संबंधित कोई दावा या आपत्ति है, तो कांग्रेस कार्यकर्ता संबंधित मतदाता को आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी देते हुए उनका सहयोग करेंगे।


प्रशिक्षकों ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर प्रकाशित मतदाता सूचियों का निरीक्षण करें तथा आम मतदाताओं को दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने में हरसंभव सहयोग प्रदान करें। इसके लिए संबंधित बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से संपर्क कर मतदाताओं की समस्याओं का समाधान कराने में सहायता करने का आह्वान किया गया।


मुख्य प्रशिक्षक डॉ. संतोष कुमार राय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक का मतदाता सूची में सही एवं स्पष्ट रूप से दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केवल पार्टी कार्यकर्ता के रूप में नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के सजग प्रहरी के रूप में अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभाएं और किसी भी योग्य मतदाता को मतदाता सूची से वंचित न होने दें।


उदय प्रकाश ने कहा कि मतदाता पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता फैलाना जरूरी है। कई बार जानकारी के अभाव में मतदाता दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाते हैं। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर और बूथ स्तर तक पहुंचकर लोगों को सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
शाहिदा कमर ने महिला मतदाताओं सहित सभी वर्गों के मतदाताओं से मतदाता सूची का सत्यापन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि नाम, पता या अन्य विवरण में कोई गलती हो तो निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से उसमें सुधार कराया जाना चाहिए।


मनोज यादव ने कहा कि बूथ स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी महत्वपूर्ण है। कार्यकर्ता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सक्रिय रहकर मतदाता सूची का अवलोकन करें तथा जिन मतदाताओं को दावा या आपत्ति से संबंधित सहायता की आवश्यकता है, उन्हें बीएलओ एवं संबंधित अधिकारियों के माध्यम से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं।


कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री अवध नारायण प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य है कि प्रत्येक योग्य मतदाता का नाम मतदाता सूची में रहे और किसी भी मतदाता को अनावश्यक कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र में बूथ स्तर पर पूरी सक्रियता के साथ कार्य करें और मतदाताओं को दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि एक-एक मतदाता का सहयोग करना कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी कार्यकर्ता अपने मतदान केंद्रों पर जाकर मतदाता सूची का निरीक्षण करें और आम जनता के बीच जागरूकता अभियान चलाएं।


कार्यक्रम को सफल बनाने में कम खान, कालीचरण यादव, इरफान खान, चौधरी महेंद्र कुमार दुबे, जोगेंद्र सिंह जोगी, मंटू दास, राजू दास, संतोष महतो, संतोष चौधरी, राजेश राम, आशीष सिंह, श्रीमती निशा सिंह, रविंद्र कुमार चौधरी, जुबेर अंसारी, शैलेंद्र सिंह, मनोज कुमार, हरि, मृत्युंजय कुमार सिंह, शशि भूषण तिवारी, श्याम साहब, संतोष मोदक, योगेश राजा, आनंद मौर्य, संतोष राय, अफजल खान, सैयद अली, रंजीत पांडे, देवेंद्र कुमार, बलराम महतो, नवीन पासवान, मधुसूदन सिंह चौधरी सहित जिला, प्रखंड, नगर, मंडल एवं पंचायत स्तर के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कांग्रेसजन उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने संकल्प लिया कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सक्रिय रहकर मतदाताओं को मतदाता पुनरीक्षण, दावा एवं आपत्ति की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं सहयोग प्रदान करेंगे तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति आम जनता को जागरूक करेंगे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *