हजारीबाग। बाबू कुंवर सिंह स्टेडियम (कर्जन ग्राउंड) में आयोजित प्रमंडलीय स्तरीय तीन दिवसीय हजारीबाग खेल महोत्सव-2026 में धनबाद के मेयर संजीव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विजेता खिलाड़ियों को किया पुरस्कृत

मेयर संजीव सिंह ने प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें पुरस्कार प्रदान किया। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए निरंतर मेहनत और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि खेलों में प्रदर्शन के साथ अनुशासन और निरंतर प्रयास भी महत्वपूर्ण हैं।
खेलों से विकसित होती है नेतृत्व क्षमता
संजीव सिंह ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का भी विकास होता है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने आने का अवसर मिलता है। युवा खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलने से वे अपनी प्रतिभा को और निखार सकते हैं।
खेल प्रतिभाओं को मंच देने की पहल
मेयर ने हजारीबाग ओलंपिक संघ और जिला प्रशासन के संयुक्त आयोजन में हो रहे खेल महोत्सव को सराहनीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, मेहनत और खेल भावना के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की अपील की।
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम के दौरान हजारीबाग नगर निगम के महापौर अरविंद राणा, सेवानिवृत्त आईजी (बीएसएफ) डी.के. शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
मेयर संजीव सिंह ने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों, आयोजकों और उपस्थित गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

