नेपाल में भीषण बाढ़ से 22 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा भारतीय लापता

नेपाल में भीषण बाढ़ से 22 लोगों की मौत, 100 से ज्यादा भारतीय लापता

नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। बाढ़ और अचानक आई तेज पानी की लहरों से कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। अब तक 22 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 100 से ज्यादा भारतीय नागरिकों के लापता होने की जानकारी सामने आई है।

इस मुश्किल समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से फोन पर बात की। पीएम मोदी ने बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर दुख जताया और नेपाल को हर संभव मानवीय और राहत सहायता देने का भरोसा दिया।

नेपाल के साथ खड़ा है भारत

पीएम मोदी ने कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में नेपाल के लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है। भारत की ओर से राहत और बचाव कार्यों में हर संभव मदद की जाएगी।

योगी और राहुल गांधी ने भी जताई चिंता

पीएम मोदी ने X पर पोस्ट किया, ‘नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह से बात की और बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर संवेदना जताई। इस मुश्किल वक्त में भारत के लोग नेपाल में अपने भाई-बहनों के साथ एकजुटता से खड़े हैं। भारत नेपाल को हर संभव मानवीय सहायता देने के लिए तैयार है। हमारी टीमें बचाव और राहत कार्यों के लिए मिलकर काम कर रही हैं।’

राहुल गांधी ने पोस्ट किया, ‘नेपाल में आई भयानक अचानक बाढ़ से मैं बहुत चिंतित हूं, जिसमें भारतीय तीर्थयात्रियों समेत सैकड़ों लोग लापता हो गए हैं। जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई है, उनके परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ भी हैं जो अपने प्रियजनों के बारे में खबर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’

नेपाल में लापता भारतीयों का पता लगाए सरकार- राहुल गांधी

अपने पोस्ट में राहुल गांधी ने आगे लिखा, ‘मैं भारत सरकार से आग्रह करता हूं कि वह नेपाली अधिकारियों के साथ मिलकर लापता भारतीय नागरिकों का पता लगाने और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करे। मैं नेपाल के लोगों और इस दुखद आपदा से प्रभावित सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा हूं।’

यूपी में सतर्कता बरतने के निर्देश

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, ‘नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई भीषण बाढ़ से हुई क्षति अत्यंत चिंताजनक है। भगवान पशुपतिनाथ से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना है। इसके प्रभाव से उत्तर प्रदेश के जनपद महाराजगंज और कुशीनगर में गंडक व नारायणी नदियों के जलस्तर में वृद्धि और बाढ़ की संभावना के दृष्टिगत स्थानीय प्रशासन को पूर्ण सतर्कता बरतने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।’

केंद्रीय गृह मंत्री ने बिहार CM से की बात

उधर, नेपाल में आए सैलाब के बाद बिहार में बाढ़ के खतरे को देखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से फोन पर बातचीत की है। गृह मंत्री शाह ने बिहार सरकार को संभावित संकट से निपटने के लिए हर मुमकिन मदद का भरोसा दिलाया।

नेपाल में कहां-कहां तबाही?

नेपाल के रसुवा में टिमुरे और स्याफ्रूबेंसी सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में हैं। घर, बाजार, सड़कें, पुल और हाइड्रोपावर से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बिजली सप्लाई भी प्रभावित हुई है। वहीं, नुवाकोट के त्रिशूली बाजार के आसपास करीब 60 घर बहने की खबर है। दो मोटरेबल पुल भी बह गए हैं।

त्रिशूली और देविघाट हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट को नुकसान पहुंचा है और 25 मेगावाट के सोलर प्लांट के तीन ब्लॉक और एक सब-स्टेशन भी बहने की जानकारी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *