धनबाद। झारखंड सरकार की कैबिनेट बैठक में धनबाद के स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े दो महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में 25 अगस्त 2026 को हुई बैठक में शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं टीचिंग हॉस्पिटल (SNMMCH) के आधुनिकीकरण और विस्तार से जुड़े प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।
कैबिनेट ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में धनबाद जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) की निधि से SNMMCH कॉलेज एवं टीचिंग हॉस्पिटल के Holistic Augmentation एवं Redevelopment की योजना को प्रशासनिक स्वीकृति दी है।
100 से बढ़कर 250 होगी UG सीटों की क्षमता

प्रस्ताव के तहत SNMMCH में मौजूदा 100 UG सीटों को बढ़ाकर 250 UG सीटें करने की योजना है। इसके साथ ही पीजी और पोस्ट पीजी सीटों में भी बढ़ोतरी की जाएगी।
योजना के तहत अस्पताल की आधारभूत संरचना और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूत किया जाना है। इसके लिए करीब 275.18 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
हाईटेक ग्रीन मेडिकल कॉलेज को भी मंजूरी
कैबिनेट ने वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक केंद्र प्रायोजित योजना के तहत हाईटेक ग्रीन मल्टी मेडिकल कॉलेज, धनबाद के विकास से जुड़े प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
इस योजना के तहत एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने, नए विशेषज्ञ विषय शुरू करने और विशेषज्ञ सीटों में वृद्धि के लिए संस्थान को सुदृढ़ किया जाएगा। इस परियोजना पर 495.02 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का प्रावधान है।
भारत सरकार और झारखंड सरकार के बीच होगा MoU
हाईटेक ग्रीन मल्टी मेडिकल कॉलेज से संबंधित योजना के लिए भारत सरकार और झारखंड सरकार के बीच किए जाने वाले MoU के प्रारूप को भी कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है।
सरकार के इन फैसलों से धनबाद में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है। मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी से छात्रों को अधिक अवसर मिलने के साथ क्षेत्र में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का रास्ता भी खुल सकता है।

