धनबाद। रक्षाबंधन के अवसर पर मंगलवार को धनबाद समाहरणालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न सरकारी विद्यालयों की छात्राओं ने उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार समेत जिले के अन्य वरीय अधिकारियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा।
इस दौरान छात्राओं ने अधिकारियों की लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अधिकारियों ने भी छात्राओं को आशीर्वाद और उपहार देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त ने छात्राओं से किया खुला संवाद

राखी बांधने के बाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने छात्राओं के साथ खुला संवाद किया। उन्होंने विद्यालयों में पढ़ाई, सुविधाओं और छात्राओं को होने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
प्लस टू हाई स्कूल कोलाकुसमा की छात्राओं ने स्कूल के एप्रोच रोड, स्मार्ट बोर्ड और संगीत वाद्ययंत्र की मांग रखी। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय गोविंदपुर की छात्राओं ने डीप बोरिंग की आवश्यकता बताई। वहीं प्राथमिक विद्यालय नेरो गोविंदपुर में बाउंड्री वॉल और बेंच-डेस्क की मांग सामने आई।
उत्क्रमित मिडिल स्कूल भालगोड़ा की छात्राओं ने जर्जर भवन और रसोई घर से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी।
स्कूलों में सुरक्षा और सुविधाओं का मुद्दा उठा

मिडिल स्कूल सरायढेला की छात्राओं ने विद्यालय के आसपास मनचलों और अवांछित तत्वों की गतिविधियों की शिकायत की। छात्राओं ने बताया कि छुट्टी के बाद स्कूल के आसपास अड्डाबाजी और अशोभनीय गतिविधियों के कारण परेशानी होती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रभात कुमार ने संबंधित थाना प्रभारियों से बात कर शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने और आवश्यकता के अनुसार कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
छात्राओं ने बस्तीपुर, खास निरसा, धनबाद, कतरासगढ़, भागा, जगजीवन नगर, चालधोवा और पंडुकी स्थित विद्यालयों से जुड़ी अलग-अलग समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं।
सड़क सुरक्षा और कंप्यूटर शिक्षकों की मांग पर भी चर्चा
पीएम श्री राजगंज की छात्राओं ने बताया कि उनके विद्यालय का हाई स्कूल और मिडिल स्कूल सड़क के दोनों ओर स्थित है। इससे छात्राओं को सड़क पार करने में परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्कूल के पास रंबल स्ट्रिप लगाने के लिए पथ निर्माण विभाग से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
वहीं, कई स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षक की मांग पर उपायुक्त ने कहा कि विद्यालय के शिक्षकों को 30-30 के बैच में कंप्यूटर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने दिया भरोसा
उपायुक्त ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और रक्षा के पवित्र रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि बालिका विद्यालय, आवासीय विद्यालय समेत सभी स्कूलों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारियों को निर्देशित किया जाएगा। स्कूलों के आसपास पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की बात भी कही गई।
उन्होंने कहा कि छात्राओं को परेशान करने वाले मनचलों और शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने हाथों से बनाई सामग्री अधिकारियों को भेंट की। कुछ छात्राओं ने उपायुक्त और एसएसपी से ऑटोग्राफ भी लिए। समारोह में विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

