धनबाद। रक्षाबंधन के अवसर पर धनबाद जिले में सोमवार से तीन दिवसीय वृहद सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की पहल पर जिला प्रशासन, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिले के पांच प्रमुख चौक-चौराहों पर जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों ने वाहन चालकों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें सुरक्षित यातायात का संकल्प दिलाया। बच्चों ने चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने, ओवरस्पीडिंग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।
स्कूली बच्चों ने वाहन चालकों को बांधा रक्षा सूत्र

अभियान के तहत विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहन चालकों को रोककर उनकी कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। बच्चों ने चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी और सुरक्षित यात्रा का संकल्प दिलाया।
इस पहल के जरिए लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने कहा- रक्षा सूत्र का संदेश जीवन की रक्षा
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि रक्षाबंधन सुरक्षा और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से लोगों को यह एहसास कराने का प्रयास किया जा रहा है कि घर पर कोई उनका इंतजार कर रहा है।
उपायुक्त के अनुसार, जब स्कूली बच्चे वाहन चालकों को राखी बांधकर सुरक्षा का वचन मांगते हैं, तो इसका भावनात्मक प्रभाव पड़ता है। उन्होंने कहा कि लोगों को डर या जुर्माने के कारण नहीं, बल्कि अपनी जिम्मेदारी समझकर सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए।
एसएसपी ने हेलमेट और सीट बेल्ट को बताया जीवन रक्षक
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए प्रवर्तन के साथ जन-जागरूकता भी जरूरी है। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट को केवल यातायात नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षक साधन बताया।
उन्होंने नागरिकों से अपनी और दूसरों की सुरक्षा के लिए निर्धारित गति सीमा और यातायात संकेतों का पालन करने की अपील की।
पांच प्रमुख चौक-चौराहों पर चला अभियान
अभियान के पहले दिन पांच प्रमुख स्थानों पर अलग-अलग विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
- किसान चौक: एमएस बरवा वेस्ट और एमएस पांडुकी के विद्यार्थियों ने वाहन चालकों को राखी बांधी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
- बिनोद बिहारी चौक: जिला स्कूल धनबाद, हाई स्कूल लोयाबाद और एमएस नवाडीह के विद्यार्थियों ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को जागरूक किया।
- राहुल चौक, कतरास: पीएस केसलापुर, जीएनएम +2 हाई स्कूल और राजेंद्र कन्या विद्यालय के बच्चों ने रक्षा सूत्र बांधकर सुरक्षित यात्रा की अपील की।
- हरना चौक: यूएमएस हरना, जेबीएवी बाघमारा और यूएचएस बाघमारा के विद्यार्थियों ने संवाद के जरिए लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
- महुदा चौक: रवि महतो बीएड कॉलेज, केबीआर बालक हाई स्कूल, महुदा डिग्री कॉलेज और एमएस राधा नगर के विद्यार्थियों ने अभियान में भाग लिया।
प्रशासनिक और यातायात पुलिस पदाधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए यातायात नियमों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

