महाराष्ट्र के नागपुर जिले के गोधनी इलाके में सोमवार देर रात क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। गैस का रिसाव गोधनी ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित एक वॉटर फिल्टर प्लांट में हुआ।
गैस की चपेट में आने से 40 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कई लोगों ने सांस लेने में परेशानी की शिकायत की। इनमें से कुछ लोगों को ICU में रखा गया है, हालांकि पुलिस के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है।
आधी रात को हुआ गैस रिसाव
पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 12:45 बजे वॉटर प्यूरिफिकेशन प्लांट से क्लोरीन गैस लीक होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
गैस फैलने के बाद आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। प्लांट के आसपास करीब 200 मीटर के इलाके को खाली कराकर वहां बैरिकेडिंग कर दी गई।
NDRF और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
गैस रिसाव को रोकने के लिए नगर निगम की फायर ब्रिगेड और NDRF की टीम ने मिलकर अभियान चलाया। अधिकारियों के मुताबिक, करीब 90 प्रतिशत गैस रिसाव को रोक लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि स्थिति अब काफी हद तक नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है।
40 लोगों का इलाज जारी, 12 को मिली छुट्टी
पुलिस के मुताबिक, गैस की चपेट में आए 40 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। इनमें से 3-4 लोगों को ICU में रखा गया है। हालांकि, सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
वहीं, इलाज के बाद 12 लोगों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एक कुत्ते की मौत
गैस रिसाव की इस घटना में एक कुत्ते की भी मौत हो गई। फिलहाल प्रशासन और राहत-बचाव की टीमें पूरे इलाके पर नजर बनाए हुए हैं और गैस रिसाव को पूरी तरह रोकने का काम जारी है।

