देश के कई हिस्सों में मॉनसून अभी भी सक्रिय है। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में एक नया लो प्रेशर एरिया बना है, जिसके कारण पूर्वी और मध्य भारत में बारिश बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, ओडिशा में बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान है।
ओडिशा और छत्तीसगढ़ में तेज बारिश
मौसम सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके प्रभाव से अगले कुछ दिनों में ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
IMD ने 24 अगस्त को छत्तीसगढ़, बिहार, ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
बंगाल, झारखंड और बिहार में भी बारिश
पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। झारखंड और बिहार में भी कई इलाकों में तेज बारिश की चेतावनी दी गई है।
पूर्वी यूपी और एमपी में भी असर
नए मौसम सिस्टम का असर पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।
उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में भी अलर्ट
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश का अनुमान है। कुछ जगहों पर गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं का असर
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में समुद्र की स्थिति खराब रह सकती है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है और झोंकों के साथ यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-NCR में भी बारिश के आसार
दिल्ली-NCR में भी हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना है। हालांकि, पूर्वी और मध्य भारत के मुकाबले यहां बारिश का असर अपेक्षाकृत कम रहने का अनुमान है।

