महाराष्ट्र के अमरावती स्थित जिला महिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में सोमवार तड़के अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में तीन नवजात शिशुओं की मौत हो गई, जबकि कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है। छह नवजातों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग में घायल बच्चों को इलाज के लिए पास के सुपर-स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वेंटिलेटर में विस्फोट के बाद लगी आग
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, SNCU में एक वेंटिलेटर में विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। देखते ही देखते पूरे यूनिट में धुआं भर गया और वहां मौजूद लोगों के लिए बच्चों को बाहर निकालना मुश्किल हो गया।
दो नर्सों ने जोखिम में डालकर बचाई 6 बच्चों की जान
हादसे के दौरान दो नर्सों ने अपनी जान की परवाह किए बिना बच्चों को बचाने की कोशिश की। उन्होंने आग और धुएं के बीच इनक्यूबेटर से छह नवजातों को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
नर्सों ने बताया कि उस समय उन्हें सिर्फ बच्चे दिखाई दे रहे थे। आग बहुत तेज थी, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। यूनिट में धुआं इतना ज्यादा भर गया था कि कुछ भी साफ नजर नहीं आ रहा था।
बच्चों को बचाने के दौरान दोनों नर्सों के हाथ भी झुलस गए।
तीन नवजातों को नहीं बचाया जा सका
नर्सों ने बताया कि उन्होंने सभी बच्चों को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन हालात बेहद मुश्किल थे। दुर्भाग्य से तीन नवजातों को बचाया नहीं जा सका। घटना के बाद अस्पताल प्रशासन और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और घायल बच्चों का इलाज जारी है।

