धनबाद/सिंदरी: पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने 16 अगस्त को धनबाद-रखितपुर-सिंदरी टाउन रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेल संरक्षा, सिग्नलिंग व्यवस्था, रेलवे ट्रैक और रेल पुलों की स्थिति का जायजा लिया।
महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान धनबाद मंडल के अधिकारी भी मौजूद रहे।
रेल संरक्षा और ट्रैक रखरखाव की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान छत्रसाल सिंह ने रेलवे ट्रैक के रखरखाव और रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की। उन्होंने रेल ट्रैक की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने और संरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
न्यू सेल कोलियरी और HURL का भी किया निरीक्षण
विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक ने न्यू सेल कोलियरी, तसरा और सिंदरी स्थित हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड (HURL) का निरीक्षण किया।
इस दौरान तसरा और HURL के अधिकारियों के साथ बैठक कर संबंधित कार्यों और गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई।
मंडल रेल कार्यालय में विकास कार्यों की समीक्षा
निरीक्षण कार्यक्रम के अंत में महाप्रबंधक ने धनबाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मंडल की कार्यप्रगति और विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र तथा पूर्व मध्य रेल मुख्यालय और धनबाद मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

