पाकुड़ पुलिस ने महज दो दिनों के अंदर चोरी की दो घटनाओं का उद्भेदन करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए कांसा, पीतल और अन्य सामान के साथ नकदी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त 2026 की रात नगर थाना क्षेत्र के मध्यपाड़ा एवं शहरकोल में दो घरों को चोरों ने निशाना बनाया था। चोरों ने घर से कांसा की थाली, चांदी की लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, पीतल के बजरंगबली एवं बाल गोपाल, इंडक्शन चूल्हा, बिजली का स्विच-तार, सोने की अंगूठी तथा करीब 20 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान चोरी कर लिया था।
विशेष छापेमारी दल/SIT का गठन किया गया
घटना के संबंध में पाकुड़ नगर थाना में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अनुदीप सिंह के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल/SIT का गठन किया गया। टीम ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मामलों का महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया।
पुलिस ने रोनी शेख, मो. इस्माइल हक, सागर मंडल और हबीब सुरज शेख को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में रोनी शेख का पूर्व में भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्तता का इतिहास रहा है।
आरोपियों की निशानदेही पर कांसा की दो पीस थाली, कांसा का कटोरा, कांसा का एक पीस दिया, पीतल की बाल्टी, इंडक्शन चूल्हा, गैस रेगुलेटर, लाल एवं काला तार करीब पांच मीटर, चोरी में प्रयुक्त औजार, 900 रुपये नकद तथा गैलेज एवं पीतल जैसे दरवाजे के दो स्टॉपर बरामद किए गए हैं।
आरोपियों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चारों आरोपियों ने कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें से तीन आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी पाया गया है। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। पाकुड़ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया है।

