धनबाद: श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालु यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धनबाद मंडल ने धनबाद, चंद्रपुरा और कतरासगढ़ रेलवे स्टेशनों पर विशेष सहायता अभियान चलाया।
धनबाद स्टेशन पर रेलवे के वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाजसेवियों ने मिलकर कांवरियों की मदद की। उन्हें उनकी ट्रेन और गंतव्य के अनुसार प्लेटफॉर्म की जानकारी, टिकट लेने में मदद और स्टेशन पर उपलब्ध सुविधाओं के बारे में बताया गया।
रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील भी की गई
श्रद्धालुओं से स्टेशन और ट्रेनों में साफ-सफाई रखने, लाइन में अनुशासन बनाए रखने और रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील भी की गई। यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त टिकट काउंटर और मोबाइल अनारक्षित टिकटिंग मशीनों की व्यवस्था की गई है।
श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे तैयार
धनबाद मंडल ने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे लगातार काम कर रहा है। जरूरत के अनुसार अलग-अलग स्टेशनों पर सहायता केंद्र, नियमित उद्घोषणा और अन्य यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु बिना परेशानी अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

