उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन DRT टनल के अंदर मलबा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के समय सुरंग के अंदर 20 से ज्यादा मजदूर मौजूद थे, जो मलबे के कारण फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
16 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 16 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। उन्हें इलाज और मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर ले जाया जा रहा है।
सुरंग में फंसे बाकी मजदूरों को निकालने के लिए भी रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के लिए बन रही थी सुरंग
यह सुरंग हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के लिए बनाई जा रही है। जिला प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और बचाव अभियान की निगरानी कर रही है।
इससे पहले चमोली के जिला मजिस्ट्रेट गौरव कुमार ने बताया कि यह THDC के हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट के लिए बन रही एक सुरंग है। शाम करीब 6:30 या 6:45 बजे, सुरंग में भारी मात्रा में मलबा और पानी भर गया। उस वक्त ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारी अंदर फंस गए।
अब तक करीब 14 या 15 लोगों को बचाया जा चुका है। NDRF और SDRF की टीमें हमारी सभी मशीनों के साथ बाकी लोगों को बचाने के काम में जुटी हैं, और हमें उम्मीद है कि हम अगले कुछ घंटों में सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लेंगे।
युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टीएचडीसी टनल के भीतर मलबा एवं पानी आने की घटना पर गहरी चिंता जताते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को युद्ध स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए NDRF और SDRF की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेज दिया गया है। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों एवं एजेंसियों को समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों से खुद जानकारी ले रहे सीएम धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि वे खुद वरिष्ठ अधिकारियों से निरंतर संपर्क में हैं। स्थिति की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे हर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है और इस दिशा में सभी आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने कही हर संभव प्रयास करने की बात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि उत्तराखंड सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
जरूरत के अनुसार हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं। इससे पहले, पिछले साल दिसंबर महीने में चमोली में सुरंग के अंदर दो लोको ट्रेनें टकराने से बड़ा हादसा हो गया था। इस दुर्घटना में 70 लोग घायल हो गए थे।

