धनबाद, 10 अगस्त 2026: बैंक मोड़ स्थित ‘द डीएमसी मॉल’ में आयोजित दो दिवसीय ‘शिल्पोत्सव’ का सोमवार देर शाम समापन हो गया। स्थानीय कला, हस्तशिल्प और संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम को धनबाद के लोगों का व्यापक समर्थन मिला।
जिला प्रशासन के अनुसार, कई स्टॉलों पर उत्पादों की मांग इतनी अधिक रही कि कुछ सामान समय से पहले ही बिक गए और शिल्पकारों को दूसरे दिन अतिरिक्त स्टॉक मंगाना पड़ा।
51 स्टॉलों पर दिखी स्थानीय कला और हस्तशिल्प की झलक
शिल्पोत्सव में कुल 51 स्टॉल लगाए गए थे। इनमें जीआई टैग प्राप्त केसरिया कलाकंद, फेस मोल्ड आर्ट, रागी से बने पौष्टिक उत्पाद, जूट बैग और जूट क्राफ्ट, हैंडमेड बास्केट, वुडन आर्ट, मसाले, मिठाई, नमकीन और बेकरी उत्पाद शामिल रहे।

इसके अलावा अगरबत्ती, पूजा सामग्री, पेंटिंग, मेटल क्राफ्ट, सोहराई पेंटिंग, सजावटी मोमबत्तियां, टेराकोटा, एप्लिक और बैग, ऑर्गेनिक अचार, लाह की चूड़ियां, क्रोशिया वर्क और मिथिला काज सहित विभिन्न उत्पादों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
शिल्पकारों को प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
समापन समारोह में बेहतर प्रदर्शन और सहभागिता के लिए सभी स्टॉल संचालकों एवं शिल्पकारों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
शिल्पकारों ने आयोजन की सफलता पर खुशी जताते हुए जिला प्रशासन की पहल की सराहना की। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के आयोजनों में भाग लेने की इच्छा जताई।
चास बोकारो की शारदा गिरी, पवन कुमार, बाघमारा के मोहित कुमार, रांची के अतुल कुमार और बोकारो की रजनी शर्मा समेत अन्य स्टॉल संचालकों ने आयोजन की व्यवस्था की प्रशंसा की।
दूसरे दिन भी खरीदारी के लिए उमड़ी भीड़
शिल्पोत्सव के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में लोग डीएमसी मॉल पहुंचे और विभिन्न उत्पादों की खरीदारी की। लोगों ने धनबाद के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र में पहली बार आयोजित इस तरह के आयोजन की सराहना की।
आयोजकों के अनुसार, मेले का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों और छोटे उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना तथा उनके उत्पादों को आम लोगों तक पहुंचाना था।
शिल्पकारों ने दोबारा धनबाद आने का जताया भरोसा
दो दिवसीय आयोजन से उत्साहित शिल्पकारों ने भविष्य में भी धनबाद में आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों में शामिल होने की प्रतिबद्धता जताई। जिला प्रशासन की ओर से भी स्थानीय कला और हस्तशिल्प को प्रोत्साहित करने के प्रयास जारी रखने की बात कही गई।
समापन समारोह में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक संजीत कुमार सिन्हा, आदित्य चौधरी, नीलू कुमारी, डीएमएफटी के परियोजना प्रबंधक आजीविका एवं कौशल विकास अमर कुमार श्रीवास्तव, ग्रीन एसोसिएट रवि कुमार सहित प्रशासन के अन्य पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

