कोलंबिया में सोमवार, 10 अगस्त को आए 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से कई इलाकों में दहशत फैल गई। भूकंप के तेज झटके राजधानी बोगोटा समेत देश के कई बड़े शहरों में महसूस किए गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भूकंप में कम से कम 20 लोगों की मौत हुई है। इनमें 18 मौतें पेरेरा और 2 मौतें मनिजालेस में बताई जा रही हैं।
इक्वाडोर और पनामा तक महसूस हुए झटके
भूकंप का असर सिर्फ कोलंबिया तक सीमित नहीं रहा। इसके झटके पड़ोसी देशों इक्वाडोर और पनामा में भी महसूस किए गए। वेनेजुएला की सीमा से लगे कुछ इलाकों में भी धरती हिलने की खबर है। इस क्षेत्र में करीब दो महीने पहले भी तेज भूकंप आए थे, जिनसे काफी नुकसान हुआ था।
चोको प्रांत के पास था भूकंप का केंद्र
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) और कोलंबिया की भूवैज्ञानिक एजेंसी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 7.4 थी। हालांकि, कोलंबियाई एजेंसी ने शुरुआत में इसकी तीव्रता 6.6 बताई थी।
भूकंप का केंद्र प्रशांत तट पर स्थित चोको प्रांत में सैन जोसे डेल पालमार के पास बताया गया है। यह जगह राजधानी बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में है। अधिकारियों की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
कोलंबिया के राष्ट्रपति अबेलार्डो डी ला एस्प्रिएला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि वह राहत और बचाव अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे. उन्होंने सैन जोसे डेल पालमार में एक आपातकालीन केंद्र स्थापित करने की बात भी कही है.
79 किलोमीटर की गहराई में आया भूकंप
कोलंबिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी UNGRD के मुताबिक, भूकंप करीब 79 किलोमीटर या उससे अधिक गहराई में आया. USGS ने इसका केंद्र सैन जोसे डेल पालमार से करीब 5 किलोमीटर पूर्व में बताया. भूकंप सोमवार सुबह स्थानीय समय के अनुसार 7:34 बजे आया.
इमारतों में पड़ी दरारें, सड़कों पर भागे लोग
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई इमारतों में दरारें दिखाई दीं. मनिजालेस में लोग झटकों के दौरान सड़कों पर भागते नजर आए। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, काली, आर्मेनिया, पेरेरा और मेडेलिन में भी कई इमारतों में दरारें आई हैं. कुछ जगहों पर इमारतों के बाहरी हिस्से और अग्रभाग क्षतिग्रस्त होने की तस्वीरें सामने आईं.
बोगोटा में घरों से बाहर निकले लोग
राजधानी बोगोटा में भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए, कई लोग पजामा पहने ही सड़कों पर आ गए. हालांकि, बोगोटा के मेयर ने शुरुआती आकलन में शहर में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं होने की बात कही है. मेडेलिन में भी फिलहाल किसी के घायल होने की शुरुआती सूचना नहीं मिली.

