पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान ने NEET पेपर लीक विवाद और इसके बाद हुए छात्र प्रदर्शनों को लेकर पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि छात्र प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने Gen Z यानी युवा पीढ़ी को गुमराह करने की कोशिश की।
इस्तीफे के दो हफ्ते बाद दिया बयान
धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को भुवनेश्वर की जीएम यूनिवर्सिटी में छात्रों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए यह बात कही। शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा देने के करीब दो सप्ताह बाद उनका यह बयान सामने आया है।
NEET पेपर लीक विवाद को लेकर छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर समेत कई जगहों पर प्रदर्शन किया था। इसी बीच 25 जुलाई को धर्मेंद्र प्रधान ने शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दिया था।
‘Gen Z देश का भविष्य है’
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि Gen Z देश के बच्चे हैं और उन्हें लेकर उनकी कोई व्यक्तिगत समस्या नहीं थी। उन्होंने कहा कि भारत में हर साल करीब दो करोड़ बच्चे जन्म लेते हैं और पिछले 10 वर्षों में करीब 20 करोड़ बच्चे पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस युवा पीढ़ी की अपनी आकांक्षाएं और सपने हैं। यही युवा आगे चलकर भारत को विश्व गुरु बनाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे। प्रधान ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने युवाओं को गुमराह करने की कोशिश की।
‘मंत्री पद मेरे लिए महत्वपूर्ण नहीं था’
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि केंद्रीय मंत्री का पद उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण नहीं था। उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा देने की पेशकश की थी। NEET विवाद और छात्र आंदोलनों के बीच दिया गया प्रधान का यह बयान अब एक बार फिर इस पूरे मामले पर राजनीतिक चर्चा को तेज कर सकता है।
नवीन पटनायक पर भी साधा निशाना
रायराखोल में एक अन्य कार्यक्रम के दौरान प्रधान ने ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि बीजद कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन और उन्हें वापस जाओ के नारे लगाए जाने से वह परेशान नहीं हैं. हवाई अड्डे के पास बीजद के युवा और छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था. इस दौरान धर्मेंद्र प्रधान गो बैक के नारे लगाए गए थे.
इस पर प्रधान ने कहा कि मैं किसान का बेटा हूं. आप मुझे वापस जाने के लिए कहेंगे, तब भी मैं वापस आऊंगा. क्या मैंने ओडिशा के लोगों को शर्मिंदा करने वाला कोई काम किया?
प्रधान ने कहा कि नवीन पटनायक उन्हें ओडिशा के लोगों के लिए शर्मिंदगी और बुरा व्यक्ति भी बताते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजद अध्यक्ष युवाओं को उनके खिलाफ प्रदर्शन में शामिल कर रहे हैं.

