ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की सेहत और उनके ठिकाने को लेकर पिछले कुछ दिनों से कई तरह की खबरें सामने आ रही हैं। इसी बीच ईरान की अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर न्यूज ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें मोजतबा खामेनेई स्वस्थ नजर आ रहे हैं। हालांकि, यह वीडियो कब का है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है।
यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब इजरायली मीडिया की कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि खामेनेई की हालत बेहद गंभीर है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। ईरान की ओर से जारी यह वीडियो इन दावों को खारिज करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
इजरायली मीडिया ने क्या दावा किया था?
शुक्रवार को इजरायली मीडिया की कुछ रिपोर्टों में मोजतबा खामेनेई की तबीयत को लेकर गंभीर दावे किए गए थे। रिपोर्टों में सूत्रों के हवाले से कहा गया था कि उनकी हालत बेहद खराब है और उनकी सेहत को लेकर ईरानी नेतृत्व में भी चिंता है।
इन खबरों के बाद खामेनेई की स्थिति को लेकर अटकलें और तेज हो गई थीं। हालांकि, अब तक सामने आए नए वीडियो की तारीख की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इसलिए इसे उनकी मौजूदा सेहत का पक्का सबूत नहीं माना जा सकता।
वीडियो से क्या साफ हुआ?
मेहर न्यूज द्वारा जारी वीडियो में मोजतबा खामेनेई सामान्य और स्वस्थ दिखाई दे रहे हैं। ईरानी मीडिया की ओर से वीडियो जारी किए जाने का मुख्य उद्देश्य उनकी सेहत को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगाना माना जा रहा है।
फिलहाल खामेनेई की वास्तविक स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। ऐसे में उनकी सेहत से जुड़ी किसी भी खबर को आधिकारिक और स्वतंत्र पुष्टि के बिना सच मानना जल्दबाजी होगी।
पिता की मौत के बाद बने सर्वोच्च नेता
मोजतबा खामेनेई ने 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के संयुक्त सैन्य हमले में अपने पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के बाद सर्वोच्च नेता का पद संभाला था.
पद संभालने के बाद से मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं. वह अब तक केवल लिखित बयानों के जरिए अपनी बात रखते रहे हैं.
हमले में घायल होने और छिपने की भी आई थीं रिपोर्टें
रिपोर्टों में दावा किया गया है कि शुरुआती हमलों में मोजतबा खामेनेई घायल हो गए थे और उनके चेहरे या शरीर पर गंभीर चोटें आई हो सकती हैं. इसके बाद उन्हें सार्वजनिक रूप से सामने आने से बचना पड़ा और वह कथित तौर पर छिपकर रह रहे हैं.
ईरानी अधिकारियों ने चोटों को बताया था मामूली
ईरान के सरकारी अधिकारियों ने इससे पहले मोजतबा खामेनेई को लगी शुरुआती चोटों की गंभीरता को कम करके बताया था. ईरानी अधिकारियों का कहना रहा है कि उनकी चोटें सतही थीं. ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह भी कहा है कि मोजतबा खामेनेई देश के लिए रणनीतिक फैसलों और संचालन से जुड़े निर्देश लगातार दे रहे हैं.
लाइव सामने नहीं आने से अटकलें जारी
ईरानी सरकारी अधिकारियों के दावों के बावजूद मोजतबा खामेनेई का लंबे समय से सार्वजनिक रूप से लाइव नजर नहीं आना उनकी सेहत और नेतृत्व की स्थिति को लेकर अटकलों को लगातार बढ़ा रहा है.

