संसद में चल रहे गतिरोध को खत्म करने के लिए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से करीब 50 मिनट तक मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में संसद की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने और सरकार-विपक्ष के बीच सहमति बनाने पर चर्चा हुई।
राहुल गांधी ने रखी ये मांग
बैठक में राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष चाहता है कि दिल्ली पुलिस द्वारा प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज के मुद्दे पर संसद में चर्चा हो। उन्होंने यह भी मांग की कि केंद्रीय गृह मंत्री इस मामले पर सदन में आकर बयान दें।
विपक्ष का कहना है कि सरकार को इस मुद्दे पर संसद में जवाब देना चाहिए।
परिसीमन और FCRA बिल पर भी हुई चर्चा
बैठक के दौरान सरकार ने परिसीमन (Delimitation) और FCRA बिल पर भी चर्चा की। किरेन रिजिजू ने इन दोनों विधेयकों पर विपक्ष से सहयोग और समर्थन देने की अपील की।
हालांकि, सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी ने इन मुद्दों पर अभी कोई अंतिम जवाब नहीं दिया है। माना जा रहा है कि इस पर जल्द आगे की स्थिति साफ हो सकती है।
परिसीमन विधेयक को लेकर बातचीत
सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक को लेकर केवल कांग्रेस ही नहीं, बल्कि दूसरे राजनीतिक दलों के साथ भी लगातार बातचीत कर रही है. सरकार का प्रयास है कि इस विधेयक पर व्यापक सहमति बन सके और संसद में इसे आगे बढ़ाने में किसी तरह की बाधा न आए.
फिलहाल संसद में जारी गतिरोध को खत्म करने के लिए सरकार और विपक्ष के बीच बातचीत का दौर जारी है. आने वाले दिनों में दोनों पक्षों के रुख के आधार पर यह तय होगा कि संसद की कार्यवाही सामान्य रूप से चल पाएगी या नहीं.
