फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस, 10 यात्री और 4 क्रू सदस्य घायल

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में टर्बुलेंस, 10 यात्री और 4 क्रू सदस्य घायल

फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 को मंगलवार को उड़ान के दौरान तेज टर्बुलेंस (हवा के झटकों) का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया, जिससे कुछ यात्री और क्रू सदस्य घायल हो गए।

फ्लाइट में कुल 134 यात्री सवार थे। एयर इंडिया के अनुसार, 10 यात्री और 4 क्रू सदस्य मामूली रूप से घायल हुए।

दिल्ली में सुरक्षित उतरा विमान

विमान सुबह करीब 11 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया। लैंडिंग के बाद एयर इंडिया की मेडिकल टीम ने सभी यात्रियों की जांच की। घायल यात्रियों और क्रू सदस्यों को एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट स्थित मेदांता मेडिकल सेंटर भेजा गया, जहां उनका इलाज किया गया।

जांच जारी

एयर इंडिया ने कहा कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। एयरलाइन ने बताया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। घटना की वजह का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम और संबंधित अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

क्या होता है एयर टर्बुलेंस? 

फ्लाइट टर्बुलेंस हवा के प्रवाह में अचानक आने वाला व्यवधान या उतार-चढ़ाव है, जिसके कारण उड़ता हुआ विमान अचानक हिलने-डुलने या झटका खाने लगता है। यह हवा में गाड़ी के किसी गड्ढे या उबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरने जैसा होता है। इसके कई कारण होते हैं।

जैसे गरज के साथ तूफान और भारी बादलों के बीच से गुजरते समय हवा का दबाव तेजी से बदलता है। वहीं, जब दो अलग-अलग दिशाओं या गति से बहने वाली हवा आपस में टकराती हैं, तो वहां टर्बुलेंस की स्थिति पैदा होती है।

इसके अलावा पहाड़ी इलाके के ऊपर से हवाई जहाज के गुजरने पर भी हवा ऊपर-नीचे लहरों की तरह बहने लगती है। इसी क्रम में चौथा होता है क्लियर एयर टर्बुलेंस (सीएटी)। यह एअर टर्बुलेंस सबसे खतरनाक माना जाता है क्योंकि यह बिना किसी बादल या खराब मौसम के बिल्कुल साफ आसमान में अचानक आता है। इसे राडार से भी नहीं पकड़ा जा सकता है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *