अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने ISI समर्थित दो आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 4 नाबालिग और 5 वयस्क शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, एक मॉड्यूल के ज्यादातर सदस्य नाबालिग थे। जांच में यह भी सामने आया कि इस ग्रुप के 8 सदस्य जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन में गए थे, जहां उन्हें कथित तौर पर पेट्रोल बम बनाने का सामान और अन्य मदद मिली थी।
रेलवे ट्रैक पर लगाए जा रहे थे कैमरे
अमृतसर पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एक मॉड्यूल रेलवे ट्रैक के ऊपर कैमरे लगा रहा था। इन कैमरों की फुटेज सीमा पार पाकिस्तान भेजने की योजना थी।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए आरोपियों को कैमरों सहित गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि कैमरे और अन्य खर्चों के लिए हवाला के जरिए फंडिंग की गई थी।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले के पीछे पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर्स की भूमिका होने का शक है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
पेट्रोल बम फेंकने की ट्रेनिंग दी थी
दूसरे मॉड्यूल को आईएसआई हैंडलर्स ने पेट्रोल बम बनाने और फेंकने की ट्रेनिंग दी थी. ट्रेनिंग के दौरान उन्हें पुलिस और अन्य सुरक्षा संस्थानों पर हमले के लिए रेकी करने के निर्देश भी दिए गए थे. जंतर-मंतर पर चल रहे धरने में भी ये 8 लोग गए थे.
वहां उन्हें स्थानीय स्तर पर समर्थन उपलब्ध कराया गया. पेट्रोल बम और अन्य सामग्री भी मुहैया कराई गई लेकिन किसी कारणवश वे अपने मंसूबों को अंजाम देने में सफल नहीं हो सके. यह एक बड़ी सफलता है.

