झरिया में जल संकट नहीं होने देंगे, नियमित पेयजल आपूर्ति हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : महापौर संजीव सिंह

झरिया में जल संकट नहीं होने देंगे, नियमित पेयजल आपूर्ति हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता : महापौर संजीव सिंह

धनबाद: झरिया क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को धनबाद नगर निगम कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर संजीव सिंह ने की, जबकि डिप्टी मेयर अरुण चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी इसमें शामिल हुए।

जलापूर्ति व्यवस्था की हुई विस्तृत समीक्षा

बैठक के दौरान झरिया क्षेत्र में जलापूर्ति की वर्तमान स्थिति, पाइपलाइन संचालन, जल वितरण प्रणाली, तकनीकी समस्याओं और आपूर्ति में आने वाली बाधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी इलाके में पेयजल संकट की स्थिति नहीं बनने दी जाए और जहां भी समस्या सामने आए, उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि नागरिकों को नियमित और निर्बाध जलापूर्ति मिल सके।

तकनीकी खामियां दूर करने पर दिया जोर

महापौर संजीव सिंह ने अधिकारियों को जलापूर्ति व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए तकनीकी कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने, आवश्यक मरम्मत कार्यों में तेजी लाने और नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

भविष्य की कार्ययोजना पर भी हुई चर्चा

बैठक में भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा तथा झरिया क्षेत्र में जल वितरण व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित बनाया जाएगा।

इसके साथ ही ऐसी कार्ययोजना तैयार करने पर भी विचार किया गया, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार के जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो।

महापौर बोले- जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

महापौर संजीव सिंह ने कहा कि झरिया की जनता को स्वच्छ, नियमित और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जलापूर्ति से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए सभी संबंधित विभागों को सक्रिय रहना होगा और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में डिप्टी मेयर अरुण चौहान, झमाडा के सचिव आकाश रजक, झरिया एसडीओ कृपा शंकर, एसडीओ सचिन झा, मयंक भगत, प्रसून कौशिक, कल्पतरु के प्रतिनिधि सुशील, पीएमसी के त्रिपाठी, राज किशोर जेना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *