धनबाद के सभी सरकारी विद्यालयों में लगेगा आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र शिविर, छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ

धनबाद के सभी सरकारी विद्यालयों में लगेगा आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र शिविर, छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ

धनबाद: जिले के सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब प्रत्येक सरकारी विद्यालय में विशेष शिविर आयोजित कर छात्रों के आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी। इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने यूआईडी, शिक्षा एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

हर सरकारी विद्यालय में लगेगा विशेष शिविर

उपायुक्त ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के आवश्यक दस्तावेज समय पर तैयार कराना और जरूरत पड़ने पर उनका अपडेट सुनिश्चित करना है। इससे छात्रों को भविष्य में सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति, नामांकन और अन्य शैक्षणिक कार्यों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

शिविर के दौरान विद्यालय परिसर में ही छात्रों का नया आधार कार्ड बनाया जाएगा। साथ ही पुराने आधार कार्ड का अपडेट और जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित पंजीकरण की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।

टास्क फोर्स करेगी पूरे अभियान की निगरानी

अभियान के प्रभावी संचालन और नियमित मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर एक टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। यह टीम शिविरों की प्रगति पर नजर रखेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि सभी विद्यालयों में अभियान सुचारू रूप से संचालित हो।

जिला प्रशासन ने बताया कि शिविर आयोजित करने की तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी।

अभिभावकों से सहयोग की अपील

उपायुक्त आदित्य रंजन ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि शिविर के दौरान वे अपने बच्चों के साथ आवश्यक दस्तावेज लेकर विद्यालय पहुंचे, ताकि आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र की प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी की जा सके।

उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों तथा बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों को अभियान के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।

100 प्रतिशत विद्यार्थियों के दस्तावेज तैयार करने का लक्ष्य

जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस विशेष अभियान के माध्यम से जिले के सभी सरकारी विद्यालयों के 100 प्रतिशत विद्यार्थियों के आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र से संबंधित आवश्यक कार्य पूरे किए जाएं।

बैठक में उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला परियोजना पदाधिकारी (यूआईडी) सह ई-जिला प्रबंधक अमित कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *