भारत के वेटलिफ्टर लवप्रीत सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 110 किलोग्राम भारवर्ग में रजत पदक (सिल्वर मेडल) जीता। 28 वर्षीय लवप्रीत ने कुल 388 किलोग्राम वजन उठाया। हालांकि, वह सिर्फ एक किलोग्राम के अंतर से गोल्ड मेडल जीतने से चूक गए।लवप्रीत ने स्नैच में 176 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ रिकॉर्ड भी बनाया। इसके बाद उन्होंने क्लीन एंड जर्क में 212 किलोग्राम वजन उठाया।
इस मुकाबले में न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयू ने कुल 389 किलोग्राम वजन उठाकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया। वहीं इंग्लैंड के एंड्रयू ग्रिफिथ ने 356 किलोग्राम वजन उठाकर ब्रॉन्ज मेडल जीता। पंजाब के रहने वाले लवप्रीत सिंह ने इस बार शानदार प्रदर्शन कर पिछली बार के मुकाबले अपने मेडल का रंग बदलते हुए भारत की झोली में एक और पदक डाल दिया।
भारत ने वेटलिफ्टिंग में आठ पदक अपने नाम किए
लवप्रीत ने बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स-2022 में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था। इस बार उन्होंने अपने पदक का रंग बदला। इसी के साथ भारत ने वेटलिफ्टिंग में इन खेलों में इस साल कुल आठ पदक अपने नाम किए जिसमें से एक गोल्ड, छह सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल है।
लवप्रीत पंजाब के बाल सिकंदर गांव से आते हैं जो अमृतसर में पड़ता है। उनके पिता दर्जी हैं और दादाजी सब्जी बेचने का काम करते हैं। परिवार वालों ने लवप्रीत को खेलने के लिए प्रेरित किया और 13 साल की उम्र में उन्होंने वेटलिफ्टिंग चुनी। कड़ी मेहनत के साथ वह भारत के शानदार वेटलिफ्टरों में गिने जाने लगे।
खेल मंत्री ने दी बधाई
लवप्रीत को खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “लवप्रीत सिंह को कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में पुरुषों के 110 किलोग्राम भारवर्ग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर बधाई।”

