धनबाद में मिड डे मील की गुणवत्ता पर सख्ती, सप्ताह में दो दिन रागी लड्डू देने का प्रस्ताव

धनबाद में मिड डे मील की गुणवत्ता पर सख्ती, सप्ताह में दो दिन रागी लड्डू देने का प्रस्ताव

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को पीएम पोषण योजना के तहत जिला स्तरीय स्टेयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सरकारी विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) योजना की प्रगति, गुणवत्ता और पारदर्शिता की समीक्षा की गई।

भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष जोर

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालयों में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने भोजन तैयार करने के स्थान, रसोईघर और उपयोग में आने वाले बर्तनों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही रसोइयों की व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने और सरकार द्वारा निर्धारित साप्ताहिक मेन्यू के अनुसार ही बच्चों को ताजा एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर बल दिया।

सप्ताह में दो दिन रागी लड्डू देने का प्रस्ताव

उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को जिला एवं प्रखंड स्तर पर प्रतिदिन मिड डे मील की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों के बेहतर पोषण को ध्यान में रखते हुए सप्ताह में दो दिन मिड डे मील के साथ रागी लड्डू उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने कहा कि रागी लड्डू बच्चों के स्वास्थ्य के लिए लाभकारी हैं और इससे उन्हें स्वाद के साथ पर्याप्त ऊर्जा एवं पोषण मिलेगा।

सभी विद्यालयों में बनेगी पोषण वाटिका

बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी सरकारी विद्यालयों में शत-प्रतिशत पोषण वाटिका विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में उपलब्ध कराए गए फलदार पौधों का रोपण कराया जाए तथा उनकी देखभाल के लिए एक जिम्मेदार व्यक्ति को नामित किया जाए।

अन्य व्यवस्थाओं की भी हुई समीक्षा

बैठक के दौरान बच्चों के बीच प्लेट-थाली वितरण, विद्यालयों के ऑडिट और पीएम पोषण योजना से जुड़े अन्य बिंदुओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *