धनबाद: जमीन और मकान बेचने के नाम पर कथित करोड़ों रुपये की ठगी के चर्चित मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को धनबाद पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को धनबाद लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
35 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मामले की शुरुआत हीरापुर चीरागोड़ा निवासी सुनील कुमार की शिकायत से हुई थी। शिकायत के आधार पर धनबाद थाना में आशीष कुमार गुप्ता के खिलाफ 35 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। न्यायालय के आदेश पर उसके आवास पर इश्तेहार भी चस्पा किया गया था।
कई लोगों से जमीन और मकान के नाम पर ठगी का आरोप
पुलिस के अनुसार आशीष कुमार गुप्ता पर मनईटांड में मकान और कुर्मीडीह में जमीन दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये लेने के आरोप हैं। उसके खिलाफ धनबाद थाना के अलावा धनसार, बैंक मोड़, कतरास समेत जिले के कई थानों में धोखाधड़ी के मामले दर्ज बताए गए हैं।
शिकायतकर्ताओं ने की सख्त कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता अमित कुमार का आरोप है कि आरोपी ने उनसे भी घर और जमीन दिलाने के नाम पर करीब 57 लाख रुपये लिए। उन्होंने मामले में कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को कोलकाता से गिरफ्तार कर धनबाद लाया गया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

