15 साल से जंगल में अकेले रह रहे सुरेंद्र सोरेन की मदद को आगे आया धनबाद प्रशासन, DC के निर्देश पर पहुंची राहत

15 साल से जंगल में अकेले रह रहे सुरेंद्र सोरेन की मदद को आगे आया धनबाद प्रशासन, DC के निर्देश पर पहुंची राहत

धनबाद: टुंडी प्रखंड के कमलपुर जंगल में पिछले 15 वर्षों से एकाकी जीवन व्यतीत कर रहे 75 वर्षीय सुरेंद्र सोरेन की खबर सामने आने के बाद धनबाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विशाल पांडेय ने मौके पर पहुंचकर राहत सामग्री उपलब्ध कराई और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।

उपायुक्त के निर्देश पर पहुंची राहत सामग्री

जिला प्रशासन के अनुसार, मीडिया में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल स्थल का निरीक्षण करने और जरूरतमंद वृद्ध को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इसके बाद बीडीओ ने सुरेंद्र सोरेन को चावल, दाल, आटा, नमक सहित अन्य आवश्यक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई।

झोपड़ी की मरम्मत, कपड़े और कंबल भी दिए

प्रशासन की ओर से बारिश और खराब मौसम से बचाव के लिए सुरेंद्र सोरेन की झोपड़ी की मरम्मत कराई गई। साथ ही उन्हें कपड़े, कंबल और दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं भी उपलब्ध कराई गईं, ताकि वे सुरक्षित तरीके से रह सकें।

परिवार से संपर्क कर घर लाने का होगा प्रयास

प्रशासन को मिली जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सोरेन के परिजन कई बार उन्हें घर वापस लाने का प्रयास कर चुके हैं, लेकिन उन्होंने हर बार लौटने से इनकार कर दिया। हालांकि परिवार समय-समय पर जंगल जाकर उनका हालचाल लेता रहता है। बीडीओ ने बताया कि जल्द ही परिवार के साथ समन्वय कर उन्हें घर लाने का प्रयास किया जाएगा।

सरकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश

उपायुक्त आदित्य रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सुरेंद्र सोरेन को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने और जरूरतमंदों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *