Ranchi News: कारगिल विजय दिवस पर भारतीय सेना की शौर्य गाथा पर प्रेरणादायी व्याख्यान, युवाओं को मिला राष्ट्रसेवा का संदेश

Ranchi News: कारगिल विजय दिवस पर भारतीय सेना की शौर्य गाथा पर प्रेरणादायी व्याख्यान, युवाओं को मिला राष्ट्रसेवा का संदेश

रांची: कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच (RSJM/FANS) एवं सेवा जागरूकता मंच के संयुक्त तत्वावधान में “भारतीय सेना की शौर्य गाथा” विषय पर प्रेरणादायी व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता तथा भारतीय सेना के साहस और बलिदान के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना था।

पूर्व उप सेनाध्यक्ष ए.एस. लाम्बा ने किया संबोधित

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व उप सेनाध्यक्ष (Ex Vice Chief, Indian Army) ए.एस. लाम्बा ने अपने संबोधन में भारतीय सेना के शौर्य, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना पर प्रकाश डाला। उन्होंने कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के अद्वितीय साहस और बलिदान का उल्लेख करते हुए युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने, अनुशासन का पालन करने और समाज निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

गोपाल सिंह बोले- कारगिल विजय दिवस समर्पण और कर्तव्य का प्रतीक

कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच, झारखंड एवं सेवा जागरूकता मंच के अध्यक्ष गोपाल सिंह (पूर्व चेयरमैन, CIL, CCL एवं BCCL) ने की। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सैन्य विजय का स्मरण नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।

उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध हमें संघर्ष, धैर्य और लक्ष्य प्राप्ति का संदेश देता है। अपने संबोधन में उन्होंने प्रेरक पंक्तियों के माध्यम से युवाओं को कठिनाइयों से लड़ते हुए सफलता प्राप्त करने का संदेश दिया।

वैदिक शांति मंत्र से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक शांति मंत्र के साथ हुआ। सेवा जागरूकता मंच के महामंत्री वी.एन. पांडेय ने स्वागत भाषण देते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम का संचालन अंजन कुमार ने किया, जबकि अंत में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच, रांची के संयोजक अमित कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।

बड़ी संख्या में शामिल हुए नागरिक और विद्यार्थी

इस अवसर पर शिक्षाविदों, पूर्व सैनिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने भारतीय सेना के वीर जवानों के शौर्य, बलिदान और राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सराहना की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *