Dhanbad News: बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स की आमसभा में प्रमोद गोयल फिर बने अध्यक्ष, बिजली और जाम की समस्या पर आंदोलन की चेतावनी

Dhanbad News: बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स की आमसभा में प्रमोद गोयल फिर बने अध्यक्ष, बिजली और जाम की समस्या पर आंदोलन की चेतावनी

धनबाद: बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के सभागार में आयोजित आमसभा में संगठन के नए पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रमोद गोयल ने की, जबकि संचालन महासचिव लोकेश अग्रवाल ने किया। आमसभा ने सर्वसम्मति से प्रमोद गोयल को अध्यक्ष, लोकेश अग्रवाल को महासचिव और संदीप मुखर्जी को कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया।

चुनाव प्रक्रिया संपन्न, वरिष्ठ सदस्यों का हुआ सम्मान

आमसभा ने चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए मुरारीलाल अग्रवाल, सुरेन्द्र अरोड़ा और प्रभात सुरोलिया को पर्यवेक्षक नियुक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत चैंबर के संरक्षक एवं वरिष्ठ सदस्यों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित करने के साथ हुई।

इस अवसर पर मुरारीलाल अग्रवाल, चेतन गोयनका, सुरेन्द्र अरोड़ा, प्रभात सुरोलिया, सुदर्शन जोशी, बजरंग अग्रवाल, बलबीर सिंह राजपाल, सीए राजकुमार अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, सतपाल सिंह, नरेश अग्रवाल, सागर दत्त शर्मा तथा जिला महासचिव अजय नारायण लाल सहित कई वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया।

सचिव प्रतिवेदन और आय-व्यय रिपोर्ट हुई पारित

अध्यक्ष प्रमोद गोयल ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद महासचिव लोकेश अग्रवाल ने सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए चैंबर द्वारा किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण रखा। वहीं, कोषाध्यक्ष संदीप मुखर्जी ने अंकेक्षित आय-व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया। आमसभा ने सभी प्रस्तावों और आय-व्यय विवरण को ध्वनिमत से पारित कर दिया।

बिजली, निगम की कार्यशैली और जाम पर व्यापारियों का आक्रोश

बैठक में व्यापारियों ने बिजली आपूर्ति, नगर निगम की कार्यशैली और शहर में बढ़ती जाम की समस्या पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।

व्यापारियों का कहना था कि आज अधिकांश कारोबार बिजली पर निर्भर है। यदि बिजली व्यवस्था में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो व्यापारियों को कारोबार बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है। इस स्थिति में चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने की चेतावनी भी दी गई।

इसके अलावा नगर निगम की ट्रेड लाइसेंस, रेन हार्वेस्टिंग और होल्डिंग टैक्स से जुड़े मामलों में कथित मनमानी का भी विरोध किया गया। व्यापारियों ने कहा कि इन मुद्दों पर चैंबर व्यापक आंदोलन करेगा।

ट्रैफिक जाम के समाधान के लिए प्रशासन से होगी वार्ता

आमसभा में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने कहा कि धनबाद में जाम की मुख्य वजह अव्यवस्था है। समस्या के समाधान के लिए चैंबर का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी और ट्रैफिक डीएसपी से मुलाकात कर स्थायी समाधान की दिशा में पहल करेगा।

बैठक में बैंक मोड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स और जिला चैंबर के पदाधिकारियों सहित करीब 300 से अधिक सदस्य उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *