राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री की सलाह पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। इसके बाद प्रधानमंत्री की सिफारिश पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। प्रह्लाद जोशी अपने मौजूदा मंत्रालयों की जिम्मेदारियों के साथ अब शिक्षा मंत्रालय का काम भी संभालेंगे। सरकार की ओर से जारी आदेश के अनुसार, नई व्यवस्था लागू होने तक प्रह्लाद जोशी शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी निभाएंगे।
बता दें कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस्तीफ़ा दे दिया है. उनके ख़िलाफ़ क़रीब एक महीने से दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का प्रदर्शन चल रहा है.
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ शनिवार को तीसरे दौर की बातचीत के बाद कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शनकारियों से वापस जाने की अपील की है.
सीजेपी के प्रवक्ता अभिषेक रांका ने कहा कि उनकी मांगें मान ली गई हैं और प्रदर्शनकारी अपने घर वापस लौटें. उन्होंने कहा कि चार सप्ताह बाद फिर से वो मुलाक़ात करेंगे और अपनी मांगों और आगे शिक्षा में सुधार पर चर्चा करेंगे. नीट पेपर लीक के मामले पर देशभर में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफ़े की मांग को लेकर युवाओं का प्रदर्शन चल रहा है.

