धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार और उप विकास आयुक्त (डीडीसी) सन्नी राज ने शनिवार को संयुक्त रूप से धनबाद सर्किट हाउस का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पूरे परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सर्किट हाउस के व्यापक कायाकल्प एवं सौंदर्यकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कमरों और वीआईपी सुइट्स को आधुनिक बनाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने सर्किट हाउस के कमरों, लॉबी और वीआईपी सुइट्स की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने कमरों के इंटीरियर को आधुनिक और बेहतर बनाने के साथ-साथ भवन के समुचित रखरखाव पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
सड़क, पार्किंग और हरियाली पर रहेगा विशेष फोकस
अधिकारियों ने परिसर की अंदरूनी सड़कों को सुदृढ़ करने, पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने और बगीचों का नए सिरे से विकास करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक से अधिक पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने और पूरे परिसर को आकर्षक स्वरूप देने पर जोर दिया।
स्वच्छता और हाइजीन बनाए रखने के निर्देश
उपायुक्त ने सर्किट हाउस के किचन और डाइनिंग एरिया सहित पूरे परिसर में उच्च स्तरीय साफ-सफाई और हाइजीन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्किट हाउस जिले की पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां वरिष्ठ अधिकारी और विशिष्ट अतिथि ठहरते हैं। इसलिए इसके रखरखाव, सुविधाओं और सौंदर्यकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एनडीसी दीपक कुमार दुबे, जिला नाजिर आनंद कुमार तथा संबंधित विभागों के अभियंता भी मौजूद रहे।

