धनबाद: विश्व प्रसिद्ध बहुदा (उल्टा रथ) यात्रा के पावन अवसर पर सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के कुसमाटांड़ मोड़ से अलकडीहा स्थित एमओसीपी इस्कॉन सेंटर तक भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
इस अवसर पर सिंदरी की भाजपा नेत्री श्रीमती तारा देवी और धनबाद जिला ग्रामीण मंत्री डॉ. निशि महतो भी रथ यात्रा में शामिल हुईं। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
रथ की रस्सी खींचकर लिया भगवान का आशीर्वाद
रथ यात्रा के दौरान तारा देवी और डॉ. निशि महतो ने श्रद्धालुओं के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींची। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन करते हुए रथ के आगे झाड़ू लगाकर भी भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरे मार्ग पर जय जगन्नाथ के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़
रथ यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न गांवों और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ यात्रा में भाग लिया। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के भी पर्याप्त इंतजाम किए गए थे।

क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना
पूजा-अर्चना के बाद भाजपा नेत्री तारा देवी ने भगवान जगन्नाथ से पूरे सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के लोगों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाल जीवन की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करते हैं।
रिपोर्ट: राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा, NEWS ANP, सिंदरी।

