ब्लैक सी में जहाज पर हमला, एक भारतीय की मौत; विदेश मंत्रालय ने जताई गहरी चिंता

ब्लैक सी में जहाज पर हमला, एक भारतीय की मौत; विदेश मंत्रालय ने जताई गहरी चिंता

ब्लैक सी में एक वाणिज्यिक जहाज पर हुए हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई है। विदेश मंत्रालय ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, एमवी ओमोर्फी (MV Omorphi) नाम का जहाज 18 जुलाई को ब्लैक सी में रूस के क्षेत्रीय जल से गुजर रहा था। इसी दौरान जहाज पर हमला हुआ। हमले के समय जहाज पर कुल 10 क्रू सदस्य मौजूद थे, जिनमें तीन भारतीय नागरिक भी शामिल थे। मंत्रालय ने बताया कि इस हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि बाकी दो भारतीय सुरक्षित हैं।

विदेश मंत्रालय ने मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और कहा है कि इस घटना को लेकर भारत गंभीर चिंता व्यक्त करता है।

मंत्रालय ने आगे कहा कि भारत वाणिज्यिक जहाजों पर ऐसे हमलों की कड़ी निंदा करता है, जो निर्दोष सिविलियन क्रू सदस्यों की जान को खतरे में डालते हैं।

साथ ही कहा कि स्वतंत्र नौवहन और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर बढ़ते खतरे चिंता का विषय हैं। भारत सभी संबंधित पक्षों से अपील करता है कि वे समुद्री नौवहन की सुरक्षा और वैश्विक वाणिज्य के निर्बाध प्रवाह को सुनिश्चित करें। भारतीय मिशन ने रूस की संबंधित अथॉरिटीज से संपर्क किया है और प्रभावित परिवार को हर संभव मदद पहुंचाने का प्रयास कर रहा है.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *